- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया...
Jabalpur News: आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, सुबह फिर धुआं उठते ही मचा हड़कंप

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। करमचंद चौक के समीप मार्केट में स्थित म्यूजिक पैलेस और कपड़े के कारखाने व गोदाम में लगी आग को काबू करने में नगर निगम और सुरक्षा संस्थानों के दमकल वाहनों को 8 घंटे का समय लगा। सोमवार देर रात यहां लगी भीषण आग को सुबह 5 बजे काबू में किया जा सका। इस भीषण अग्निकांड से आसपास रहने वाले लोग और व्यापारी पूरी रात दहशत में रहे।
व्यापारी तब और ज्यादा घबरा गए जब मंगलवार सुबह 9 बजे फिर कारखाने व गोदाम में मलबे से धुआं उठने लगा और आग सुलगने लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड का अमला फिर मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने में जुटा रहा। करीब दो घंटे बाद हालात सामान्य हो पाए।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी उसमें रेडीमेड कपड़े की दुकान और गोदाम सरल जैन की थी, जबकि म्यूजिक पैलेस की दुकान राजेश गंगवानी की थी। इमारत और उसके ऊपरी हिस्से में बने अतिरिक्त शेड में बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े, गत्ते, पन्नियां, पैकिंग मटेरियल और कच्चे कपड़े के साथ अन्य सामान स्टॉक करके रखा हुआ था।
इसके साथ ही म्यूजिक पैलेस की दुकान में भी प्लास्टिक के आयटम, म्यूजिक के इंस्ट्रूमेंट और अन्य सामान था, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग से रेडीमेड कपड़े, पैकिंग का सामान, गत्ते, फर्नीचर, इलेक्ट्रिक उपकरण, म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
सुरक्षा संस्थानों से भी बुलाए गए फायर वाहन
नगर निगम दमकल विभाग के अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर ने बताया कि दो मंजिला इमारत और उसके ऊपरी हिस्से में बने अतिरिक्त शेड पर लगी भीषण आग को काबू में करने के लिए नगर निगम के दमकल वाहनों और टैंकरों के साथ ही सुरक्षा संस्थानों के फायर वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया।
दमकल वाहनों से करीब 40 ट्रिप पानी डालकर आग को काबू में किया जा सका। आसपास के लोगों ने भी दमकल कर्मियों की सहायता की। लोगों का यह भी कहना था कि इस तरह के संस्थानों में अग्नि हादसों से बचाव के लिए उपलब्ध उपकरणों व संसाधनों की भी जांच की जानी चाहिए।
सुबह तक गुल रही बिजली
बताया जाता है कि रात्रि में आग लगने के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई को बंद कर दिया गया, जिससे सुबह तक लोगों के घरों और मार्केट में बिजली आपूर्ति बाधित रही। आग पर काबू कर लिए जाने के बाद सुबह 6 बजे बिजली की सप्लाई को शुरू किया गया।
Created On :   1 April 2026 5:54 PM IST












