- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बच्चों के माथे पर लगा उज्ज्वल...
नया शिक्षण सत्र शुरू: बच्चों के माथे पर लगा उज्ज्वल भविष्य का तिलक, कमी रह गई बस खीर-पूड़ी की

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नया शिक्षण सत्र जिस जोश, उमंग और उत्साह से शुरू होना चाहिए वैसे ही हुआ। सुबह स्कूल जाते बच्चे मानो यह संदेश दे रहे थे कि वे भविष्य की हर चुनौतियों के लिए तैयार हैं। स्कूलों ने भी बांहे फैलाकर उनका स्वागत किया।
शिक्षकों ने पूरी तरह भारतीय परम्परा के अनुसार बच्चों को तिलक लगाया, माला पहनाई गई और पाठ्य सामग्री का वितरण किया। इस मौके पर राज्य शासन से आए आदेश में साफ उल्लेख है कि इस दिन बच्चों को विशेष भोज कराया जाए लेकिन शिक्षा विभाग की लापरवाही के चलते यह आदेश भोजन बनाने वालों को नहीं भेजा गया और बच्चों को केवल दाल, चावल और सूखी सब्जी से संतोष करना पड़ा। नये शैक्षणिक सत्र के साथ बुधवार से शुरू हुये स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत जिले के सभी स्कूलों में प्रवेश उत्सव के कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिला स्तरीय कार्यक्रम मॉडल स्कूल में हुआ।
कार्यक्रम में विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह तथा शिक्षकों एवं विद्यालय के स्टाफ ने नव प्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया गया। निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय का प्रथम दिन प्रत्येक विद्यार्थी के लिए उत्साह और नई ऊर्जा का प्रतीक होता है। नये गणवेश, नई पुस्तकें एवं नए संकल्प के साथ विद्यार्थियों को सदैव श्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए और पढ़ाई के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने कहा कि विद्यार्थी अपनी मेहनत एवं लगन से विद्यालय, परिवार एवं देश का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में भोपाल से आये प्रभारी अधिकारी राजेश बरसैया, डीपीसी योगेश शर्मा, एडीपीसी गौतम बर्बे, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, प्रोग्रामर पारुल राय, प्राचार्य मॉडल स्कूल, एपीसी मोनिका लकरा, बीआरसी आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष भोज के आदेश भोपाल से आए थे - बताया जाता है कि 26 मार्च को अपर संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल डॉ. अरुण सिंह द्वारा प्रवेश उत्सव सम्बंधी भेजे गए आदेश में साफ कहा गया था कि इस दिन बच्चों को विशेष भोज कराया जाए लेकिन इस आदेश की जानकारी शिक्षा विभाग द्वारा जिला पंचायत को नहीं भेजी गई जिससे विशेष के स्थान पर साधारण भोजन ही भेजा गया।
Created On :   2 April 2026 5:00 PM IST












