Jabalpur News: डीजल संकट से निगम के वाहनाें के पहिए थमे, कामकाज हुआ प्रभावित

डीजल संकट से निगम के वाहनाें के पहिए थमे, कामकाज हुआ प्रभावित
शहर के कई इलाकों में साफ-सफाई और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन न होने से नागरिक हुए परेशान, आगे और बढ़ेगी दिक्कतें

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम वर्कशाॅप में बुधवार को डीजल की सप्लाई सही समय पर नहीं होने से कई वाहनों के पहिए थम गए। जिससे वर्कशाॅप में डीजल लेने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। डीजल वितरण समय पर न होने से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और अन्य कामकाज प्रभावित हुए। इसका सबसे ज्यादा असर साफ-सफाई के कार्यों में लगे वाहनों और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाले टीपर वाहनों पर पड़ा।

शहर के कई इलाकों में घरों और मोहल्लों तक कचरा कलेक्शन वाहन नहीं पहुंच पाए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया है कि नगर निगम के वर्कशाॅप में स्थित डीजल पंप में डिपो से डीजल की सप्लाई लेट हो गई, जिसके चलते सुबह के समय कचरा कलेक्शन करने के लिए जाने वाले टीपर वाहनों को डीजल उपलब्ध नहीं हो पाया।

बताया जाता है कि नगर निगम के पास 400 से ज्यादा कचरा कलेक्शन वाहनों के साथ ही 20 जेसीबी, 20 से ज्यादा डम्पर और अलग-अलग प्रकार के वाहन हैं। रोजाना वर्कशाॅप स्थित डीजल पंप से इन वाहनों को ईंधन उपलब्ध कराया जाता है। डीजल न मिलने के कारण ज्यादातर वाहनों के पहिए थम गए, जिससे कामकाज बाधित हुआ।

स्वच्छ सर्वेक्षण के कार्य प्रभावित

नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण में जबलपुर को अव्वल बनाने के लिए लगातार स्वच्छता और साफ-सफाई का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन डीजल संकट के कारण स्वच्छता के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। कई क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन न हाेने और कचरा न उठने से लोग परेशान हैं। इनका कहना है कि जल्द ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाना चाहिए।

डिपो से लेट हुई सप्लाई

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि डिपो से डीजल की सप्लाई सही समय पर नहीं हो रही है, जिससे डीजल वितरण में देर हुई। डीजल लेने के लिए वर्कशाॅप पहुंचे वाहनों का रोड तक जमावड़ा लगा रहा। एक ही समय पर कई वाहनों के पंप पहुंचने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हालांकि डिपो से सप्लाई मिलने के बाद वाहनों को डीजल का वितरण किया गया।

डिपो से डीजल आने में लेट हो रहा है, जिसके कारण वाहनों को डीजल वितरण में देरी हुई है। वर्कशाॅप स्थित पंप से वाहनों को डीजल उपलब्ध कराया गया है।

-जीएस मराबी, वर्कशाॅप प्रभारी, नगर निगम

मौके पर पहुंचकर कांग्रेसी पार्षदों ने दर्ज कराया विरोध

नगर निगम वर्कशॉप से डीजल नहीं मिलने की सूचना मिलते ही कांग्रेस पार्षद दल ने मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने बताया कि नगर निगम के वाहनों को समय पर डीजल उपलब्ध नहीं होने से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था सहित अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस पार्षदों ने शहर के कई क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्थाओं को देखा।

इस दौरान लोगों ने गली और मोहल्लों से कचरा नहीं उठने और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही डीजल संकट को दूर कर साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस अवसर पर पार्षद शगुफ्ता उस्मानी, संतोष दुबे, कलीम खान, प्रमोद पटेल आदि मौजूद रहे।

Created On :   2 April 2026 4:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story