- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा...
Jabalpur News: मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का आयोजन, चीफ जस्टिस ने की सराहना

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अंतिम छोर तक न्याय पहुंचाने के उद्देश्य से मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हेतु कुल 51 न्याय सारथी मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक वाहन की व्यवस्था की है। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस विवेक रूसिया ने बुधवार को 51 न्याय सारथी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
चीफ जस्टिस ने राज्य के दूरस्थ, ग्रामीण, जनजातीय व वंचित क्षेत्रों तक विधिक सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाए गए इस कदम की सराहना की। ये वाहन मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक के रूप में कार्य करेंगे, जिनके माध्यम से राज्य के सुदूर गांवों, पंचायतों एवं घर-घर तक विधिक सहायता और विधिक जागरूकता सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी।
इन मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिकों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, बंदियों व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को उनके विधिक व संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। पैरा लीगल वाॅलंटियर्स अधिक प्रभावी रूप से फील्ड भ्रमण कर सकेंगे, विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर सकेंगे, जमीनी स्तर पर हितग्राहियों की सहायता कर सकेंगे।
ग्राम न्यायालय के लिए भी वाहन
इस अवसर पर पारिवारिक न्यायालयों व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों, ग्राम न्यायालयों के लिए भी वाहन उपलब्ध कराए गए। इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन ग्राम न्यायालयों के प्रभावी संचालन, न्यायिक गतिशीलता को सुदृढ़ करने, ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में न्यायालयीन प्रक्रियाओं की पहुंच बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर न्याय सुलभ कराने के उद्देश्य को आगे बढ़ाएंगे।
इस दौरान रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, उमेश पांडव, निदेशक, मध्य प्रदेश राज्य न्यायिक अकादमी सहित अकादमी के अधिकारीगण, सुमन श्रीवास्तव, सदस्य सचिव, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Created On :   2 April 2026 5:15 PM IST












