- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- एजेंसियों में न लगे भीड़, इसलिए...
Jabalpur News: एजेंसियों में न लगे भीड़, इसलिए हाॅकर अब उपभोक्ताओं के घरों में पहुंचाएंगे सिलेंडर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गैस सिलेेंडरों को लेकर एजेंसियों में लग रही भीड़ को कम करने की मंशा से प्रशासन ने हॉकरों के माध्यम से घरों तक सिलेेंडर पहुंचाने की तैयारी कर ली है। यह सिस्टम जल्द ही सभी गैस एजेंसियों पर लागू होगा।
अभी वर्तमान में आठ एजेंसियों में इसे प्रभावी किया गया है, जिसके अच्छे परिणाम सामने आने के बाद इस सिस्टम को शहर की सभी एजेंसियों में प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से एजेंसियों में लगने वाली भीड़ कम होगी और जनता को भी धूप में लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
बताया जाता है कि जिस वक्त एलपीजी संकट नहीं था, उस दौरान भी यही सिस्टम काम कर रहा था। उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन बुकिंग की जा रही थी। इसके बाद हॉकर बुकिंग पर्ची और सिलेंडर लेकर घर पहुंचते थे और उपभोक्ता द्वारा निर्धारित राशि का भुगतान करने के बाद सिलेंडर मिल जाता था।
परेशान हो रहे उपभोक्ता
अचानक उपजे एलपीजी संकट के चलते जहां बुकिंग के बाद भी हॉकर सिलेंडर लेकर घरो तक नहीं पहुंच पा रहे, तो वहीं उपभोक्ताओं को एक बार नहीं बल्कि दो बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बुकिंग के बाद अब ओटीपी आ रहा है ताे इसके बाद एक बार पर्ची कटवाने के लिए उपभोक्ता लाइन लगा रहे हैं और पर्ची कटने के बाद दूसरी बार सिलेंडर पाने के लिए कतार लगानी पड़ रही है।
अब लाइन नहीं लगानी पड़ेगी
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस नए सिस्टम को प्रभावी करने से एजेंसियों से सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा। सभी एजेंसी संचालकों को भी यह कहा जा रहा है कि जितना हाे सके, उपभोक्ताओं को इस बात की समझाइश दी जाए कि उन्हें एजेंसी से नहीं बल्कि हॉकर के माध्यम से घर में ही सिलेंडर मिलेगा। जिससे एजेंसी में भीड़ भी नहीं लगेगी और उपभोक्ता भी परेशानी से बचेंगे।
उपभोक्ताओं को हॉकरों के माध्यम से घरों में सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि एजेंसियों में आकर उन्हें परेशान न होना पड़े।
-राघवेंद्र सिंह, कलेक्टर
Created On :   2 April 2026 4:27 PM IST












