- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- माढ़ोताल तालाब पुल से निकलना...
Jabalpur News: माढ़ोताल तालाब पुल से निकलना खतरनाक, निकल रही सरिया

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दीनदयाल चौक से ग्रीन सिटी की ओर जाने वाली सड़क पर माढ़ोताल तालाब के ऊपर बने पुल की सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। पुल के ऊपर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सड़क की ऊपरी परत बीच-बीच से उखड़ गई है। इतना ही नहीं सड़क के बीच में लोहे की सरिया बाहर निकल आई हैं, जिससे लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
ग्रीन सिटी निवासी राजेश सोनी और मुकेश खत्री ने बताया कि माढ़ोताल तालाब पर बना ये पुल व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। यहां से राेजाना कई कॉलोनियों के लोग वाहन लेकर गुजरते हैं, लेकिन पुल के ऊपर सड़क खराब होने से अब यहां से गुजरना खतरनाक हो गया है। स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
पुल पर न तो स्पीड ब्रेकर हैं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड। रात में स्ट्रीट लाइटें भी बंद रहती हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। खासतौर पर दोपहिया वाहन सवार अक्सर गड्ढों भरी इस सड़क पर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। गड्ढों से बचने के चक्कर में वाहन आमने-सामने आ जाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
रोजाना यहां से निकलते हैं सैकड़ों वाहन
स्थानीय लोगों ने बताया कि दीनदयाल चौक से ग्रीन सिटी मार्ग पर बने माढ़ोताल पुल पर यातायात का दवाब अधिक है। ग्रीन सिटी और कठौंदा सहित आसपास की कई कॉलोनियों के लोग आवाजाही के लिए इस पुल का उपयोग करते हैं। स्कूल बसें, लोडिंग ऑटो और भारी वाहन भी इस पुल से निकलते हैं। सड़क खराब हो जाने की वजह से लोग परेशान हैं।
कई सालों से नहीं हुई मरम्मत
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि तालाब के ऊपर बना ये पुल लगभग 10 साल पुराना है। पिछले कई सालों से इसकी मरम्मत नहीं हुई है, जिससे पुल के ऊपर सड़क बदहाल हो गई है। इसके बाद भी मेंटेनेंस और सुधार की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस पुल से ग्रीन सिटी, कसौंधन नगर समेत एक दर्जन से ज्यादा कॉलोनियों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। जल्द ही पुल की सड़क का सुधार नहीं किया गया, तो बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाएंगे। लोगों की परेशानी और भी ज्यादा बढ़ जाएगी।
रहवासियों की मांग
क्षेत्रीय नागरिकों की मांग है कि नगर निगम को पुल के ऊपरी हिस्से में तत्काल पैचवर्क कराना चाहिए। इसके साथ ही गड्ढों और बाहर निकली हुईं सरियों को तुरंत सुधारना चाहिए, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
माढ़ोताल तालाब के ऊपर बने पुल का निरीक्षण कर सड़क के सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा।
- प्रदीप मरावी, संभागीय अधिकारी, ननि
Created On :   14 May 2026 2:56 PM IST










