- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- रहवासी क्षेत्र में टेन्ट गोदाम...
Jabalpur News: रहवासी क्षेत्र में टेन्ट गोदाम अग्नि हादसा का है खतरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्राचीन खेरमाई मंदिर के समीप स्थित न्यू कॉलोनी चेरीताल के रहवासी क्षेत्र में टेन्ट का गोदाम चल रहा है। गोदाम में कपड़े के परदे, रजाई, गद्दे और प्लास्टिक की कुर्सियां भरी हुई हैं। यहां पर जरा सी चिंगारी से भी आग भड़क सकती है, जो पूरी कॉलोनी को अपनी चपेट में ले सकती है। इससे यहां रहने वाले लोग दहशत में हैं।
क्षेत्रीय नागरिक टेन्ट गोदाम को कॉलोनी से बाहर करने के लिए कई बार शिकायत कर चुके हैं। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि न्यू कॉलोनी चेरीताल रहवासी क्षेत्र है। यहां पर सनी केशरवानी द्वारा टेन्ट का गोदाम चलाया जा रहा है। यहां बड़े पैमाने पर ज्वलनशील सामग्री का स्टॉक है। यहां पर अग्नि सुरक्षा के लिए किसी भी प्रकार का इंतजाम नहीं है।
नियमों के अनुसार गोदाम संचालन के लिए नगर निगम से अनुमति और फायर एनओसी भी नहीं ली गई है। यदि यहां पर आग लगी तो पूरी कॉलोनी आग की चपेट में आ जाएगी। संकरी रोड होने के कारण यहां पर फायर ब्रिगेड का पहुंचना भी मुश्किल है।
बच्चों के खेलने की जगह पर रखा है टेंट का सामान
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि गोदाम संचालक ने वसुंधरा पार्क में भी टेन्ट का सामान रखकर कब्जा कर लिया है। इससे कॉलोनी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्क में टेन्ट का सामान रखा होने से बच्चों को खेलने में भी परेशानी हो रही है। नगर निगम के उद्यान विभाग को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी
यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा हैं, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हॉट्सअप नंबर- 98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।
Created On :   14 May 2026 2:35 PM IST










