Jabalpur News: नौकरी के नाम पर आईटीआई के छात्रों से लूट, दी प्रताड़ना

नौकरी के नाम पर आईटीआई के छात्रों से लूट, दी प्रताड़ना
कैम्पस में इंटरव्यू हुए और दिल्ली बुलाकर गायब हो गए कम्पनी के कर्मचारी, यहां कॉलेज प्रबंधन नहीं कर रहा सुनवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दिल्ली में नौकरी देने के नाम पर आईटीआई के छात्रों के साथ न केवल धोखाधड़ी व लूट की गई, बल्कि उन्हें प्रताड़ित भी किया गया। यह सब हुआ आईटीआई कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के चलते और अब प्रबंधन ने हाथ खड़े कर लिए हैं। मजबूर होकर छात्रों ने सोमवार को कॉलेज में प्रदर्शन किया और पुलिस को भी शिकायत दी गई है।

पीड़ित छात्र लक्ष्मण पटेल ने बताया कि वह न्यू जबलपुर आईटीआई चौथापुल में पढ़ता था और वर्तमान में एक कम्पनी में कार्य करता था। इसी बीच कॉलेज से कॉल आया कि एक बड़ी कम्पनी का कैम्पस कॉलेज में आ रहा है। इंटरव्यू के लिए आ जाओ।

ऐसा पत्र दर्जनों छात्रों के पास पहुंचा, जिसमें से करीब 45 ने आवेदन किया। कॉलेज में 7-8 जून को इंटरव्यू हुए और उनका सिलेक्शन कर लिया गया। इसके बाद सभी को दिल्ली भेजा गया और कहा गया कि उन्हें वहां नौकरी में लगा दिया जाएगा।

24 जून काे सभी छात्र दिल्ली रवाना हुए और 25 को ज्वाॅइनिंग की बात हुई। सभी छात्रों को होटल में रुकवाया गया। इसके बाद कुछ लोग वहां आए और कहा कि वे कम्पनी की तरफ से आए हैं और नौकरी के पहले सभी को 6-6 हजार रुपए जमा करने होंगे। इस पर कुछ छात्रों ने नकदी तो कुछ ने ऑनलाइन के माध्यम से राशि जमा कर दी। रुपए मिलने के बाद खुद को कम्पनी के कर्मचारी बोलने वाले भाग गए। ट्रेन की टिकट व अन्य खर्चे मिलाकर प्रत्येक छात्रों ने 10 से 15 हजार रुपए खर्च किए हैं।

जो नौकरी थी वह भी चली गई

छात्रों ने कहा कि हमें दिल्ली में एक तरह से बंदी बना लिया गया था। इस दौरान कुछ भी हो सकता था। 45 में से अधिकांश छात्र यहां किसी न किसी कम्पनी में जॉब करते थे। दिल्ली में नौकरी मिलने के आश्वासन के बाद सभी ने नौकरी छोड़ दी थी। अब हम पूरी तरह से बेरोजगार हो गए हैं।

इस मामले में आईटीआई के प्रिंसिपल राजकांत नेमा ने कहा कि मामला सुलझा लिया गया है। वहीं इस मामले में कौशल विकास एवं रोजगार, संयुक्त संचालक क्षेत्रीय कार्यालय के अर्पित शुक्ला का कहना है कि इस मामले की जानकारी आई है और कमेटी बनाकर जांच कराई जाएगी।

हमने खुद पुलिस में की शिकायत

इस मामले में न्यू जबलपुर प्राइवेट आईटीआई के संचालक ने बताया कि शुभम समद्दार नाम व्यक्ति ने खुद को बड़ी कम्पनी का कर्मचारी बताया और उसके कहने पर छात्रों का कैम्पस किया गया। उसने बच्चों को दिल्ली बुलाकर ड्रेस और रूम आदि के खर्च के नाम पर पैसे लिए। शुभम पर कार्रवाई के लिए ओमती थाने में शिकायत दी गई है। हमारे साथ खुद धोखाधड़ी हुई है।

Created On :   30 Jun 2026 6:38 PM IST

Tags

Next Story