Jabalpur News: गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों की देश के विकास में अहम भूमिका

गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों की देश के विकास में अहम भूमिका
राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर सेमिनार का आयोजन, एक्सपर्ट ने बताया डेटा का महत्व

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर गुरु तेग बहादुर सिंह खालसा महाविद्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष संगोष्ठी में एक्सपर्ट ने विचार रखते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक आंकड़े देश की विकास यात्रा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं और युवाओं से सांख्यिकी एवं डेटा विज्ञान के क्षेत्र में रुचि विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य का प्रभावी शासन एवं विकास विश्वसनीय आंकड़ों पर आधारित होगा।

इस विशेष कार्यक्रम में प्रशासनिक आंकड़ों के प्रभावी उपयोग, साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण एवं सुशासन में उनकी भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आरएस चंडोक, निदेशक एवं क्षेत्रीय प्रमुख राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय सुनील कुमार पटेल, प्रोफेसर शैलेश कुमार चौबे, डीन काॅमर्स एंड फाइनेंस मंगलायतन विवि डॉ. आशीष मिश्रा आदि ने विचार रखे।

विद्यार्थियों को डेटा विश्लेषण, सांख्यिकी एवं साक्ष्य-आधारित निर्णय प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराया तथा भविष्य में इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं अनुसंधान के अवसरों की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता एवं सांख्यिकी आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Created On :   30 Jun 2026 5:46 PM IST

Tags

Next Story