- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हल्की बारिश में ही शहर के कई...
Jabalpur News: हल्की बारिश में ही शहर के कई क्षेत्रों में हुआ जलभराव, निगम के इंतजाम पूरी तरह नदारद

- दमोह नाका, सिंधी कैम्प, न्यू शास्त्री नगर, मदर टेरेसा नगर सहित कई क्षेत्रों में भरा पानी
- सड़क पर कीचड़ होने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है।
- क्षेत्रीय नागरिक नगर निगम से कई बार शिकायत कर चुके हैं
Jabalpur News: मानसून की हल्की बारिश में ही गुरुवार सुबह शहर में कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। दमोह नाका, सिंधी कैम्प, न्यू शास्त्री नगर, मदर टेरेसा नगर और अमखेरा क्षेत्र की कॉलोनियों में पानी भर गया। जलभराव वाले क्षेत्रों में नगर निगम की टीम भी नहीं पहुंची। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई।
गुरुवार सुबह बारिश होने से दमोह नाका, करमचंद चौक, सिविक सेंटर, मुकादमगंज और चेरीताल में पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश थमने के बाद सड़क का पानी उतर गया। सिंधी कैम्प क्षेत्र में नाले का पानी लोगों के घरों में घुस गया। नागरिकों का कहना है कि मामूली बारिश में जब बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है, तो तेज बारिश होने पर क्या होगा।
नहीं हुई नालों की सफाई, हो रहा जलभराव
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, शगुफ्ता उस्मानी गुड्डू नबी और अयोध्या तिवारी ने कहा कि शहर में कॉलोनियों के नालों की सफाई नहीं कराई है। इसकी वजह से गुरुवार सुबह बारिश होने से कई जगह पानी भर गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि शहर में कचरा गाड़ियां नहीं आ रही हैं। इससे लोगों को नाले और नालियों में कचरा फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नाले और नालियों में कचरा फंसने से जलभराव हो रहा है।
मदर टेरेसा नगर की सड़क पर चलना मुश्किल
बारिश से मदर टेरेसा नगर की सड़क पर जगह-जगह पानी भर गया है। हालत यह है कि सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। कई जगह घरों में भी पानी भर रहा है। क्षेत्रीय नागरिक नगर निगम से कई बार शिकायत कर चुके हैं, इसके बाद भी नगर निगम जल निकासी के इंतजाम नहीं कर रहा है।
कीचड़ में तब्दील हो गई सड़क
न्यू शास्त्री नगर में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर भर गया है। पानी भरने से सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम ने यहां पर नाली खोदकर अधूरी छोड़ दी है। सड़क पर कीचड़ होने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है।
सिंधी कैम्प क्षेत्र में घरों में घुसा बारिश का पानी
डॉ. राधाकृष्णन वार्ड के अंतर्गत सिंधी कैम्प में गुरुवार सुबह बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। क्षेत्रीय नागरिक एडवोकेट तरुण कुमार रोहितास ने बताया कि नगर निगम द्वारा ठक्कर ग्राम के नाले की सफाई नहीं कराई गई। इसके कारण नाले का पानी लोगों के घरों में भर गया। शिकायत के बाद नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा। इसके बाद लोगों को राहत मिल पाई।
Created On :   27 Jun 2025 2:37 PM IST