Jabalpur News: 30 दिन में जारी हुआ एमबीबीएस का रिजल्ट, 94% छात्र सफल

30 दिन में जारी हुआ एमबीबीएस का रिजल्ट, 94% छात्र सफल
मप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय ने घोषित किया परिणाम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय ने एमबीबीएस फाइनल पार्ट-2 की परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया है, जिसमें प्रदेश के भावी डॉक्टरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस परीक्षा में प्रदेश के कुल 19 शासकीय एवं निजी चिकित्सा महाविद्यालयों के 2776 छात्र सम्मिलित हुए थे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इनमें से 2717 छात्रों के परिणाम आज जारी कर दिए हैं, जिसमें कुल 2560 छात्रों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। सफल छात्रों का प्रतिशत लगभग 94.25% रहा। वहीं 156 छात्र इस परीक्षा में सफल नहीं हो सके।

विवि के कुलसचिव डॉ. पुष्पराज सिंह बघेल ने बताया कि सैद्धांतिक परीक्षा ख़त्म होने के 30 दिवस के अंदर परीक्षा परिणाम दिया गया। जिसमें उत्तरपुस्तिकाओं का दो बार अलग-अलग मूल्यांकनकर्ता द्वारा ऑनलाइन डिजिटल प्लेटफाॅर्म पर मूल्यांकन करवाया गया। हमने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के पहले यह रिजल्ट जारी किया है।

65 के परिणाम रुके

विवि प्रशासन के अनुसार कुल 59 छात्रों के परिणाम तकनीकी या अन्य विभिन्न कारणों से अभी प्रतीक्षारत रखे गए हैं, जिन्हें आगामी कुछ दिनों में प्रक्रिया पूर्ण कर जारी कर दिया जाएगा। वहीं परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले 06 छात्रों के परिणाम फिलहाल रोक दिए गए हैं।

अब करेंगे इंटर्नशिप

नियमानुसार सभी सफल छात्रों को एक वर्ष की अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप पूरी करनी होगी। इस एक साल के दौरान वे विभिन्न अस्पतालों में क्लिनिकल चिकित्सा का गहन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इंटर्नशिप का यह अनुभव सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद ही उन्हें आधिकारिक रूप से चिकित्सा उपाधि प्रदान की जाएगी और वे पूर्णतः चिकित्सक कहलाने के पात्र होंगे।

Created On :   7 May 2026 5:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story