- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 10वीं व 12वीं की परीक्षा भी कराओ और...
Jabalpur News: 10वीं व 12वीं की परीक्षा भी कराओ और जनगणना भी, डीईओ के आदेश से आक्रोश

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। 10वीं और 12वीं की दूसरी परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो रही हैं। बुधवार को पूरे दिन परीक्षा केन्द्रों में तैयारियां चलती रहीं। वहीं एक आदेश के कारण शिक्षकों में भारी आक्रोश नजर आया। इस आदेश में डीईओ ने भी शिक्षकों को परीक्षा और जनगणना दोनों ही कार्यों को सम्पादित करने के निर्देश दिए हैं।
इस पर शिक्षकों का कहना है कि अन्य जिलों में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जा रहा है, जबकि यहां दोनों ही कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसे में शिक्षक परेशान हो रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी द्वारा संकुल प्राचार्यों को जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि हाई और हायर सेकेण्ड्री द्वितीय परीक्षा सत्र 2026 का आयोजन 7 मई से प्रारंभ होकर 25 मई तक किया जा रहा है।
इसके साथ-साथ भारत सरकार द्वारा जनगणना का कार्य भी किया जा रहा है। आपके संकुल अंतर्गत अधिकांश शिक्षकों की ड्यूटी उक्त दोनों कार्यों में लगाई गई है। यह संज्ञान में आया है कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है वे शिक्षक परीक्षा कार्य करने में अपनी असमर्थता व्यक्त कर रहे हैं। आपको निर्देशित किया जाता है कि उक्त दोनों कार्य में संबंधित शिक्षकों को परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य एवं जनगणना का कार्य संपादित करने हेतु निर्देशित करें।
संकुल के अंतर्गत जो शिक्षक बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर हैं, उनकी सूची 7 मई तक कार्यालय में जमा कराई जानी सुनिश्चित करें। इस आदेश पर जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों ने कहा कि उन्हें परीक्षा के कार्य से अलग किया जाना चाहिए, ताकि वे यह कार्य ठीक से कर सकें। उनके स्थान पर ऐसे शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाए जो जनगणना के कार्य में नहीं लगे हैं या फिर अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को इस कार्य में लगाया जाए।
10वीं में 5104 और 12वीं में 4840- जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि दूसरी परीक्षा में 10वीं कक्षा में जिले में कुल 5104 परीक्षार्थी और 12वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 4840 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। 10वीं कक्षा की परीक्षा में गुरुवार को हिन्दी का पेपर होगा, जबकि 12वीं में बायोटेक्नोलॉजी का पेपर रहेगा। परीक्षा का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक का रखा गया है।
वीवीआईपी एरिया में नम्बर वन
जनगणना के कार्य में लगीं मॉडल स्कूल की शिक्षिका श्रीमती शोभना चतुर्वेदी ने नगरीय क्षेत्र में सर्वप्रथम जनगणना का कार्य पूर्ण किया है। इन्होंने सिविल लाइन ब्लॉक में कार्य किया, जिसमें कमिश्नर, कलेक्टर, डीआईजी, एसपी के साथ ही अन्य वीआईपी लोग रहते हैं। इनके ब्लॉक में कुल 281 मकान थे, जिनमें इन्होंने घर-घर जाकर मकानों का पूरा विवरण लिया।
एप पर छुट्टी नहीं एब्सेंट लग रही
अनेक शिक्षकों ने इस बात पर भी नाराजगी जाहिर की है कि हमारे शिक्षक एप पर सभी शिक्षकों की एब्सेंट लग रही है, जो शिक्षक जनगणना कार्य में लगे हैं उनकी भी एब्सेंट ही लग रही है और जिन्हें छुट्टी मिली है उनकी गैरहाजिरी दर्ज हो रही है। ऐसे में जब पेमेंट का समय आएगा तब मुसीबत होगी, क्योंकि ये आदेश भी हैं कि एप पर दी गई जानकारी के आधार पर ही वेतन बनाया जाए।
Created On :   7 May 2026 5:38 PM IST












