Jabalpur News: शिक्षक ही नहीं अब सभी दफ्तरों के कर्मी व ट्रेनी भी लगाएंगे ई-अटेंडेंस

शिक्षक ही नहीं अब सभी दफ्तरों के कर्मी व ट्रेनी भी लगाएंगे ई-अटेंडेंस
जारी हुआ आदेश, एक जुलाई से इसे अमल में लाना होगा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी ताजा आदेश में कहा गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले समस्त कार्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यरत समस्त शासकीय अमला भी नियमित रूप से शिक्षकों की तरह ही हमारे शिक्षक एप प्रणाली के माध्यम से 1 जुलाई से नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करेंगे।

इससे पहले कुछ ही दिन पूर्व प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान जबलपुर के प्रिंसिपल ने आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय को एक पत्र भेजा था, जिसमें उल्लेख किया था कि संस्थान में सेवारत शिक्षक, प्रशिक्षणार्थियों द्वारा ई-अटेंडेंस लगाने के संबंध में सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक कठिनाइयां हैं, इसलिए इन्हें द्विवर्षीय पाठ्यक्रम की अवधि में ई-अटेंडेंस के नियम से मुक्त रखने का कष्ट करें।

मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के शासकीय आदेशानुसार बीएड, एमएड के प्रशिक्षणार्थियों को शासकीय नियमानुसार संस्थान में प्रशिक्षण हेतु कार्यमुक्त किया गया है। ऐसी स्थिति में उनकी पदस्थापना, पाठ्यक्रम अवधि में संस्थान में ही मानी जाती है और संस्थान में आपके द्वारा ई-अटेंडेंस के संबंध में कोई निर्देश नहीं दिये गये हैं। अतः प्रशिक्षणार्थी ई-अटेंडेंस लगाने में असमर्थ हैं।

संस्थानों में ही लगेगी अटेंडेंस

बीएड और एमएड के प्रशिक्षणार्थियों के लिए अब ई-अटेंडेंस की व्यवस्था प्रशिक्षण संस्थानों में ही की जाएगी और यहां के जो कर्मचारी पहले ई-अटेंडेंस से बचे हुए थे उन्हें भी इसके दायरे में ले आया गया है। कर्मचारियों को भी अटेंडेंस लगानी पड़ेगी। इसके साथ ही प्राचार्य के पत्र में एक बात का और उल्लेख था कि संस्थान में उपस्थिति के नियम स्कूलों से अलग हैं।

Created On :   23 Jun 2026 6:15 PM IST

Tags

Next Story