Jabalpur News: रायपुर से लौट रहे कार सवारों को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, 5 घायल

रायपुर से लौट रहे कार सवारों को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, 5 घायल
बरेला क्षेत्र में नागाघाटी के पास दर्दनाक हादसा, सगाई कर लौट रहे थे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में नागाघाटी के पास सोमवार की रात रायपुर से सगाई कर जबलपुर होते हुए सीधी जा रही कार को तेज रफ्तार भागते ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार ट्रक में फंसकर घिसटी और सड़क किनारे पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार 7 लोग फंस गये। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक 1 की मौत हो गई, वहीं 5 गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए मेडिकल रवाना किया गया है।

पुलिस के अनुसार उमरिया चंदिया निवासी राजेश शर्मा, अनिल शर्मा, पंकज शर्मा और अनिल द्विवेदी सहित 7 लोग कार क्रमांक एमपी 54 जेडए 2033 से सगाई कार्यक्रम में शामिल होेने के लिए रायपुर गये थे।

सगाई कर वापस लाैटते समय सोमवार की शाम 7 बजे के करीब बरेला नागाघाटी के पास कार के पीछे से आ रहे हरियाणा पासिंग के ट्रक क्रमांक एचआर 46 एफएस 9200 के चालक ने तेज रफ्तार वाहन चलाते हुए कार को पीछे से टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक में फंसकर कार काफी दूर तक घिसटी और पुलिया से टकरा गई जिससे कार का सामने और पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कार सवार राजेश शर्मा निवासी सीधी की मौत हो गई, वहीं अनिल शर्मा, पंकज और अनिल द्विवेदी सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे, उन्हें मेडिकल रवाना किया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

क्रेन बुलाकर निकाली कार

ट्रक और पुलिया के बीच फंसकर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और सवारों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन के सहारे पहले ट्रक को हटाया गया फिर कटर से काटकर कार सवारों को निकाला गया।

दस दिन पहले हुआ था हादसा

ज्ञात हो कि करीब दस दिन पहले भी नागाघाटी के पास इसी तरह का हादसा हुआ था। हादसे में तेज रफ्तार स्काॅर्पियो में डम्पर के पीछे से टकराने के बाद आग लग गई थी। हादसे में रायपुर से लौट रहे कार सवार हरियाणा निवासी प्रवीण शर्मा और मोनू शर्मा की मौत हो गई थी।

Created On :   23 Jun 2026 6:37 PM IST

Tags

Next Story