नीट परीक्षा: न राष्ट्रपति की सुरक्षा से होगा समझौता, न विद्यार्थियों को होगी परेशानी

न राष्ट्रपति की सुरक्षा से होगा समझौता, न विद्यार्थियों को होगी परेशानी
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के आस-पास के छह परीक्षा केंद्रों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंटरेंस टेस्ट यानी नीट। इसकी परीक्षा 21 जून रविवार को जिले के 23 केन्द्रों में आयोजित की जानी है। इस दिन योग दिवस भी है और शहर में देश की राष्ट्रपति महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आगमन होना है। वे योग दिवस के मुख्य आयोजन के साथ ही रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।

नीट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक चलेगी, लेकिन इसका रिपोर्टिंग टाइम सुबह 11 बजे रखा गया है। इसी अवधि में महामहिम रादुविवि की ओर आवाजाही करेंगी। इसके लिए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं, लेकिन 6 परीक्षा केन्द्र ऐसे हैं जो इस मार्ग पर पड़ेंगे और वहां तैनात सुरक्षा अधिकारियों काे साफ निर्देश हैं कि परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को रोका न जाए। सभी परीक्षार्थियों से कहा गया है कि वे प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज लेकर ही चलें।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा रविवार को आयोजित की जा रही री-नीट-2026 परीक्षा के लिए रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय एवं डुमना एयरपोर्ट के आस-पास बनाए गए छह परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश मार्गों पर परीक्षार्थियों एवं परीक्षा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रवेश पत्र और परिचय पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। इस दिन सामान्यजनों का इस क्षेत्र में आवागमन प्रतिबंधित हो सकता है।

21 जून को इन केन्द्रों पर रहेगी विशेष नजर

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के आस-पास के छह परीक्षा केंद्रों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इनमें सुरक्षा के विशेष इंतजाम हैं और इन पर विशेष नजर रखी जाएगी। ये केन्द्र होंगे पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय सीएमएम, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य स्वाशासी महाविद्यालय, धर्मशास्त्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, पीडीपीएम भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी अभिकल्पन एवं विनिर्माण संस्थान आईआईआईटीडीएम और डुमना एयरपोर्ट रोड स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट।

परीक्षा के मुख्य बिंदु

{परीक्षा की तिथि { रविवार 21 जून

{परीक्षा का समय {दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक {परीक्षा की समयावधि { 3 घंटे 15 मिनट {परीक्षा का मोड { पेन एवं पेपर से

{जिले में कुल परीक्षा केन्द्र { 23

नीट की परीक्षा में 10 हजार से अधिक बच्चे शामिल होंगे

नीट परीक्षा के दिन गैरिसन मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन भी है। राष्ट्रपति के प्रोग्राम के चलते रादुविवि और एयरपोर्ट के आसपास के सेंटरों में नीट के परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

इस संबंध में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि योग दिवस के कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं नीट की परीक्षा में करीब 10 हजार 426 बच्चे शामिल होंगे।

दूरी के केंद्र जैसे बरगी व मंगेली के लिए परीक्षार्थियों को पहुंचाने के लिए पेंटीनाका से बस की व्यवस्था भी की जा रही है। एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि जिन मार्गों से वीआईपी मूवमेंट है, उन मार्गों पर नीट के परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसकी तैयारी की जा रही है।

Created On :   18 Jun 2026 6:21 PM IST

Tags

Next Story