Jabalpur News: काली फिल्म और सफेद हेडलाइट लगाकर सड़कों पर दौड़ रही कार, ट्रैफिक पुलिस-RTO ने नहीं की कार्रवाई
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शहरभर की सड़कों पर काली फिल्म लगे चारपहिया वाहनों का लगातार दौड़ना जारी है। इतना ही नहीं इन गाड़ियों में सफेद रंग की दूधिया हेडलाइट भी लोगों की आंखों को चौंधिया रही है। इसके बावजूद यातायात पुलिस और आरटीओ के जिम्मेदारों को यह सब कुछ नजर नहीं आ रहा है। ऐसा ही कुछ बुधवार को गोलबाजार स्थित गंगोत्री अपार्टमेंट के पास भी देखने को मिला। जहां घंटों तक ब्लैक फिल्म लगी कारें दिन भर खड़ी रहीं। इसके बावजूद संबंधित चालकों पर कार्रवाई करने के लिए कोई भी नहीं पहुंचा।
यह भी पढ़े -मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश नाथ काटजू की जयंती पर पुष्पांजलि की अर्पित
प्रतिबंधित है वाहनों के कांच पर काली फिल्म लगवाना
जानकारों के अनुसार, कार अथवा किसी भी चारपहिया वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगवाना मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ऐसा इसलिए क्योंकि इन काले कांच के कारण अंदर बैठे लोगों की पहचान करना मुश्किल होता है। वहीं, किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधियां भी संबंधित वाहनों के भीतर होने की पूरी संभावना बनी रहती है। इसलिए काली फिल्म लगवाने पर देशभर में मनाही है। इसके बावजूद गंगोत्री अपार्टमेंट गोलबाजार के बाहर दोपहर से लेकर देर शाम तक ब्लैक फिल्म लगी कारों को क्षेत्रीयजनों ने खड़े देखकर चिंता जाहिर की।
सफेद हैलोजन लाइट भी है बेहद खतरनाक
शहर में जो भी चारपहिया वाहन काली फिल्म लगवाकर दौड़ रहे हैं। उनमें अधिकांश तौर पर सामने सफेद रंग की हैलोजन लाइट भी लगी होती है। जबकि अत्यधिक चमकदार सफेद या नीली हेडलाइट की तेज रोशनी के कारण सामने से आने वाले वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद इस तरह की चमकदार हेडलाइट लगवाकर संबंिधत वाहन चालक आम लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
यह भी पढ़े -जंगल सीमा पर लगे पेंच एडवांस वार्निंग सिस्टम, टाइगर या संदिग्ध की घुसपैठ की तत्काल मिलेगी फोटो और लोकेशन
अभियान चलाकर की जाए कड़ी कार्रवाई
घंटों तक काली फिल्म और सफेद रंग की हैलोजन लाइट वाले वाहनों की रोकथाम करने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाना बेहद जरूरी हो चुका है। यही वजह है कि गोलबाजार निवासियों का कहना था कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रतिदिन यदि चालानी कार्रवाई की जाए, तभी इस तरह के वाहनों का संचालन रुक सकता है। वहीं इस संबंध में डीएसपी ट्रैफिक संतोष शुक्ला का कहना था कि जल्द ही अभियान शुरू कर काली फिल्म और सफेद हैलोजन लाइट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी।
Created On :  
