Jabalpur News: सांसदों ने पमरे जीएम के साथ हुई बैठक में रखे सुझाव, विकास से जुड़े कई मुददों पर चर्चा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। यात्री सुविधाओं को बढ़ाने, नई ट्रेनें शुरू करने और ट्रेनों के स्टापेज, रेलमार्गों के निर्माण तथा सुरक्षा से जुड़े कई विषयों पर गुरूवार को सांसदों ने अपने सुझाव दिए। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के साथ जबलपुर रेल मंडल की बैठक तिलहरी स्थित होटल में सांसद जबलपुर आशीष दुबे ने कहा कि जबलपुर से अमृतसर एवं बनारस के लिए नई ट्रेनें चलाई जानी चाहिए। उन्होंने जनशताब्दी एक्सप्रेस का भिटौनी स्टेशन पर ठहराव, कोरोना काल में बंद ट्रेनों को फिर से शुरू करने तथा जबलपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने का सुझाव दिया।
इसके साथ ही मदन महल, कछपुरा एवं आधारताल स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने, गढ़ा, ग्वारीघाट एवं बरगी स्टेशनों को पश्चिम मध्य रेलवे में शामिल करने तथा जबलपुर-दमोह-सागर रेलमार्ग के सर्वे की मांग भी रखी। इस दौरान सांसद सतना गणेश सिंह, रीवा से जनार्दन मिश्रा, सागर सांसद लता वानखेड़े, नर्मदापुरम से दर्शन सिंह चौधरी, सीधी डॉ. राजेश मिश्र, दमोह राहुल सिंह लोधी तथा राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त अन्य सांसदों ने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सुझाव भेजे।
यह काम हो रहे
जीएम ने जानकारी दी कि पमरे में यात्री सुरक्षा के लिए कवच तकनीक, अमृत भारत स्टेशन योजना तथा ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंडल में चल रहे विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
सांसदों ने अपने क्षेत्र से जुड़ी मांग उठाई
सांसद रीवा श्री मिश्रा ने रीवा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र में चल रहे रेल विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के सुझाव दिया। सांसद सीधी डॉ. मिश्र ने क्षेत्र में रोड ओवरब्रिज एवं रोड अंडरब्रिज के निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की तथा रीवा-सिंगरौली रेल लाइन का कार्य शीघ्र पूरा करने की बात कही। सांसद श्री लोधी ने दमोह से नागपुर के लिए नई ट्रेन चलाने, दमोह स्टेशन पर पुलिस थाना स्थापित करने, फुट ओवरब्रिज बनाने तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई।
सांसद नर्मदापुरम श्री चौधरी ने बनखेड़ी, पिपरिया एवं सोहागपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने, ट्रेनों के ठहराव, पिपरिया में रिटायरिंग रूम तथा रोड ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज संबंधी कार्यों में तेजी लाने का सुझाव दिया। राज्यसभा सांसद श्रीमती नारोलिया ने रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, खानपान की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा पिपरिया एवं सोहागपुर में ट्रेनों के ठहराव से संबंधित बात कही।
सांसद सागर श्रीमती वानखेड़े ने सागर-छतरपुर-खजुराहो-भोपाल तथा ललितपुर-सागर-करेली-छिंदवाड़ा रेलमार्गों के सर्वे, जबलपुर से बेंगलुरु के लिए सीधी ट्रेन चलाने की बात कही। सांसद श्री सिंह ने सतना स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में प्लेटफॉर्म विस्तार, एटीएम सुविधा, झुकेही में फुट ओवरब्रिज, ट्रेनों के ठहराव की बहाली तथा छोटे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने का सुझाव दिया। खजुराहो के सांसद प्रतिनिधि दीपक सोनी ने कटनी क्षेत्र की विभिन्न रेल संबंधी समस्याओं एवं यात्री सुविधाओं के विषय में सुझाव दिए।
Created On :  
