जबलपुर न्यूज: तेवर के त्रिपुर सुंदरी मंदिर के बाहर दुकानों में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक

दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू, 11 दुकानें जली

डिजिटल डेस्क जबलपुर। भेड़ाघाट रोड तेवर में स्थित मां त्रिपुर सुंदरी मंदिर में मंगलवार की देर रात दुकानों में भीषण आग लग गई। आग ने एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भीषण लपटों से यहां दहशत फैल गई। भेड़ाघाट थाना पुलिस ने बताया कि अग्नि हादसे में प्रसाद तथा अन्य पूजन सामग्री की लगने वाली 11 दुकानें जलकर नष्ट हो गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि रात करीब 9.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी, जिसके बाद दमकल कर्मी दमकल वाहनों के साथ मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन विजयादशमी पर्व की भीड़ के चलते दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी समय लगा। इधर दमकल वाहनों के पहुंचने के पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, आग आसपास की दुकानों तक फैल गई, जिससे अफरा तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने 4 दमकल वाहनों की मदद से करीब 2 घण्टे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है। इधर घटना के बाद पुलिस अधिकारी भी बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे।


Created On :   21 Oct 2026 6:55 PM IST

Tags

Next Story