- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- पुलिस हिरासत में युवक की संदिग्ध...
Jabalpur news: पुलिस हिरासत में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप

डिजिटल न्यूज़ जबलपुर
लार्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ा फाटक में महाकाली दर्शन के दौरान कथित तौर पर पुलिस हिरासत में लिए गए शहपुरा भभकी निवासी आकाश चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर थाने में धक्का-मुक्की, मारपीट और दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए मामले में न्यायिक जांच कराए जाने की बात कही है।
मोबाइल से वीडियो बनाने के दौरान हिरासत में लेने का आरोप
मृतक के भाई विवेक चौधरी के मुताबिक, वह अपने भाई आकाश के साथ बाइक से गढ़ा फाटक क्षेत्र में दशहरा और महाकाली दर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान वे मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। विवेक का आरोप है कि इसी बीच एक महिला पुलिसकर्मी ने आकाश को हिरासत में ले लिया और उसे थाने भिजवा दिया। परिजनों का दावा है कि थाने में आकाश के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
अस्पताल में पुलिस और परिजनों के बीच हंगामा
आकाश की मौत की खबर मिलने के बाद अस्पताल में परिजनों ने विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और मृतक के परिजनों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। हंगामे की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने आरोपों को नकारा, न्यायिक जांच का आश्वासन
मामले में पुलिस प्रशासन ने हिरासत के दौरान मारपीट किए जाने के आरोपों को खारिज किया है। अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत के मामले में न्यायिक जांच की बात कही गई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े तथ्यों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल, मामले में मृतक के परिजनों के आरोपों और पुलिस के पक्ष के बीच सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण है।
Created On :   21 Oct 2026 2:58 PM IST









