जबलपुर: टूट रहे प्लास्टिक के डिवाइडर, हादसों का खतरा, अब कोई देखने वाला नहीं

टूट रहे प्लास्टिक के डिवाइडर, हादसों का खतरा, अब कोई देखने वाला नहीं
लापरवाही: विजय नगर सड़क पर रखे गए थे डिवाइडर, हाल-बेहाल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

विजय नगर की मुख्य सड़क पर अहिंसा चौक से दीनदयाल चौक के बीच पैदल चलने वालों के लिए लगाए गए प्लास्टिक के डिवाइडर टूट रहे हैं। हालत यह है कि बड़ी संख्या में प्लास्टिक के डिवाइडर टूट गए हैं। लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के नाम पर बड़े ताम-झाम के साथ इन डिवाइडरों को रखा गया था, लेकिन अब कोई इनकी हालत देखने वाला तक नहीं है। स्मार्ट सिटी के अधिकारी नए डिवाइडर नहीं लगवा रहे हैं। इससे पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहाँ-तहाँ गिरे पड़े डिवाइडरों से हादसों का खतरा भी बना हुआ है।

स्मार्ट सिटी ने पाँच साल पहले विजय नगर की मुख्य सड़क पर अहिंसा चौक से दीनदयाल चौक के बीच पैदल चलने वालों के लिए प्लास्टिक के डिवाइडर लगवाए थे। शहर में मुख्य सड़क पर यह प्रयोग पहली बार किया गया था। इससे मुख्य सड़क पर पैदल चलना लोगों के लिए सुरक्षित हो गया था। इसके साथ ही सड़क आकर्षक दिखने लगी। कुछ समय बाद वाहनों की टक्कर से प्लास्टिक के डिवाइडर टूटने लगे, लेकिन स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने नए डिवाइडर नहीं लगवाए। स्मार्ट सिटी ने विजय नगर की मुख्य सड़क की तर्ज पर शहर की अन्य सड़कों पर भी प्लास्टिक के डिवाइडर लगाने की योजना तैयार की थी, लेकिन बाद में इस योजना पर कोई काम नहीं हो पाया।

विजय नगर में पैदल चलने वालों के लिए प्लास्टिक के डिवाइडर लगाए थे। इनके मेन्टेनेन्स के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

- सुदीप पटेल, संभागीय अधिकारी नगर निगम

Created On :   6 Dec 2023 8:07 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story