पॉलीटेक्निक कॉलेज होगा अपग्रेड, अब इंजीनियरिंग की भी कराई जाएगी पढ़ाई

पॉलीटेक्निक कॉलेज होगा अपग्रेड, अब इंजीनियरिंग की भी कराई जाएगी पढ़ाई
तकनीकी शिक्षा विभाग ने काॅलेज प्रबंधन से माँगा प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

पाॅलीटेक्निक कला निकेतन कॉलेज को अपग्रेड कर यहाँ इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी शुरू कराई जाएगी। इसके लिए तकनीकी शिक्षा विभाग ने प्रदेश में 11 संस्थानों का उन्नयन करने का निर्णय लिया है। सभी संस्थानों से इस संबंध में प्रस्ताव माँगा गया है। कॉलेजों को प्रस्ताव बनाकर 10 अगस्त तक तकनीकी शिक्षा विभाग के पास भेजना है। पाॅलीटेक्निक काॅलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू होने से लगभग 540 सीटें इंजीनियरिंग की बढ़ जाएँगी। इससे छात्रों को एक और अच्छा विकल्प मिलेगा। तकनीकी शिक्षा विभाग ने पाॅलीटेक्निक काॅलेजों के उन्नयन का प्रस्ताव बनाकर भेजने कहा है, इसके साथ ही इसमें इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू करने के सुझाव भी माँगे हैं। पत्र में इसके लिए मौजूदा संसाधनों की जानकारी विभाग ने संस्थानों से माँगी है, ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि संस्थान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए संसाधन उपलब्ध हैं कि नहीं।

जबलपुर के कला निकेतन में हर सुविधा

पाॅलीटेक्निक कला निकेतन वर्ष 1947 में स्थापित हुआ था। बड़े परिसर वाले इस संस्थान में फिलहाल पाॅलीटेक्निक काॅलेज संचालित होता है। यहाँ छात्रावास की सुविधा भी है इस संस्थान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई प्रारंभ हुई तो आठ ब्रांच प्रारंभ होंगी। इसमें सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्राॅनिक, प्रिंटिंग, फार्मेसी, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, कम्प्यूटर साइंस और आईटी ब्रांच संचालित होंगी।

तकनीकी शिक्षा विभाग ने पाॅलीटेक्निक काॅलेजों का उन्नयन करते हुए इंजीनियरिंग की पढ़ाई प्रारंभ करवाने का प्रस्ताव माँगा है। इस संबंध में प्रस्ताव बनाने की प्रक्रिया चल रही है। प्रस्ताव को मंजूरी मिली तो इंजीनियरिंग के साथ पाॅलीटेक्निक की पढ़ाई भी संचालित की जाएगी।

-आरसी पांडे, (प्राचार्य पाॅलीटेक्निक कला निकेतन)

Created On :   9 Aug 2023 8:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story