शहर से सिविल लाइन्स को जोड़ने वाले सबसे बेहतर मार्ग की भी व्यवस्था चौपट, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

शहर से सिविल लाइन्स को जोड़ने वाले सबसे बेहतर मार्ग की भी व्यवस्था चौपट, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
पुराने अफसरों के जाते ही फिर से बेखौफ हो गए अतिक्रमणकारी, तैयब अली चौक से क्राइस्ट चर्च स्कूल रोड पर जम गए अस्थाई कब्जे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

तैयब अली चौक से क्राइस्ट चर्च स्कूल होते हुए शहर के पॉश एरिया सिविल लाइन्स को जोड़ने वाली एक मात्र बेहतर सड़क में भी यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। शाम ढलते ही इस महत्वपूर्ण सड़क पर अस्थाई कब्जे आबाद हो जाते हैं। विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्रियों के स्टॉल और काउंटर खुल जाते हैं। इसके कारण हालात इतने अराजक हो जाते हैं कि वाहन-चालकों का निकलना मुश्किल हो जाता है। हादसों का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि ये हालात जिम्मेदार अधिकारियों और शहर के नेताओं की अदूरदर्शिता के कारण बन रहे हैं। पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर, एसपी और निगमायुक्त की संयुक्त पहल पर यहाँ से अतिक्रमण हटाए गए थे, लेकिन अब उनके जाते ही अतिक्रमणकारी फिर से बेखौफ हो गए हैं। जनप्रतिनिधि हों या फिर अधिकारी अब कोई भी इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है। लोगों का कहना है कि कम से कम इस महत्वपूर्ण मार्ग को तो बख्शा जाना चाहिए, अगर यही हालात रहे तो सिविल लाइन्स को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क की भी बलि चढ़ जाएगी। यहाँ सुचारु व्यवस्था के लिए सक्रिय पहल होनी चाहिए।

महत्वपूर्ण है यह सड़क, इसलिए हुई थी कार्रवाई

नगर निगम मुख्यालय और शहर के मध्य से सिविल लाइन्स को जोड़ने वाले केवल दो रास्ते हैं। एक मार्ग नौदराब्रिज से रसल चौक होते हुए दूसरा पुल के लिए जाता है। उक्त मार्ग पर होटलों और मोटर मैकेनिकों की दुकानों के कारण अब चलने की जगह ही नहीं रही। यह मार्ग बेहद संकीर्ण और खतरनाक हो गया है। इसके बाद नगर निगम मुख्यालय के सामने से नौदराब्रिज, तैयब अली चौक, क्राइस्ट चर्च रोड होते हुए दूसरे पुल को जोड़ने वाली सड़क सबसे बेहतर विकल्प है। यहाँ पर कलेक्ट्रेट, हाई कोर्ट, रेलवे सहित कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान भी हैं। पॉश एरिया सिविल लाइन्स में रहने वाले विशिष्ट व संभ्रांत लोगों के अलावा सामान्य लोगों के लिए भी चार-पहिया वाहन से आवागमन के लिए यह मार्ग सुविधाजनक व सुगम है। इसे देखते हुए ही तत्कालीन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय बनाकर यहाँ के अतिक्रमण हटवाए थे। अतिक्रमणकर्ताओं को अन्य जगह शिफ्ट किया था।

शाम ढलते ही बढ़ जाती है भीड़, लग रहा जाम


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम ढलते ही तैयब अली चौक से क्राइस्ट चर्च स्कूल की तरफ जाने वाले मार्ग पर भीड़ बढ़ने लगती है। एक तो सड़क पर खाद्य सामग्री के स्टॉल लग जाते हैं, वहीं इन पर आने वाले लोग सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इसके कारण चार-पहिया वाहनों को निकलने की जगह नहीं बचती। इससे हर पल जाम लगा रहता है। कई बार तो वाहन-चालक आधे-आधे घंटे तक जाम में फँसे रहते हैं। छोटे-मोटे हादसे भी होते रहते हैं।

आक्रोश , घटाने की बजाय बढ़ा रहे समस्या


क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि शहर के मध्य व पश्चिमी क्षेत्र में रहने वाले कई लोग रेलवे स्टेशन और डुमना एयरपोर्ट जाने के लिए भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं। दोपहर में स्कूल बंद होने के बाद यह मार्ग सुविधाजनक हो जाता है। इसे भी अतिक्रमणकारी निगलने के लिए आमादा हैं। शहर के जनप्रतिनिधियों और नेताओं को खुद आगे आकर अधिकारियों को बताना चाहिए कि यह रोड कितनी महत्वपूर्ण है, लेकिन उनका ध्यान इस ओर नहीं है। इनके द्वारा लोगों की समस्या को हल करना तो दूर उल्टा उसे और बढ़ाया जा रहा है। इससे लोगों में गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।

क्या कहते हैं अधिकारी

हाल ही में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में इस बात पर बल दिया गया था कि शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण विहीन किया जाना चाहिए। इसमें नर्मदा रोड, मॉडल रोड और क्राइस्ट चर्च स्कूल रोड भी शामिल है। सड़कों पर कब्जा करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा, बेहतर होगा कि वे यातायात में बाधक बनना छोड़ दें।

सौरभ कुमार सुमन, कलेक्टर

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, जहाँ कहीं भी इस तरह की बाधाएँ आ रही हैं, उन्हें संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रयास किए जाएँगे।

टीके विद्यार्थी, पुलिस अधीक्षक

तैयब अली चौक से क्राइस्ट चर्च स्कूल मार्ग पर यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए पूर्व में जिला प्रशासन और नगर निगम ने क्या व्यवस्था दी थी, इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद यहाँ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वप्निल वानखड़े, निगमायुक्त

Created On :   6 May 2023 10:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story