बड़े फुहारा में हुआ कार्यक्रम का आयोजन, बड़ी संख्या में श्रावक हुए शामिल

बड़े फुहारा में हुआ कार्यक्रम का आयोजन, बड़ी संख्या में श्रावक हुए शामिल
आचार्यश्री के दीक्षा दिवस पर अष्ट द्रव्य अर्पित

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

आचार्य विद्यासागर महामुनिराज का 56वाँ मुनि दीक्षा दिवस एवं आदर्शमति माता के साथ 17 आर्यिका माता जी का 32वाँ दीक्षा दिवस बड़े फुहारा में भक्तिभाव के साथ मनाया गया। दीक्षा दिवस पर आदर्शमति माता ने आचार्यश्री से जुड़े संस्मरण सुनाए। इस दौरान दयोदय में विराजमान छुल्लक संघ का सान्निध्य प्राप्त हुआ। आयोजन का शुभारंभ आयुर्वेद महाविद्यालय की छात्राओं ने मंगलाचरण से किया, इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित िकया गया। शहर के सभी मंदिरों से आए श्रावक थाल में अष्ट द्रव्य सजाकर लाए थे, जिन्हें आचार्यश्री काे अर्पित किया गया। इस दौरान आचार्यश्री का महापूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक विनय सक्सेना एवं नेता प्रतिपक्ष कमलेश

अग्रवाल ने आर्यिका माताजी को श्रीफल भेंट किया।

चातुर्मास के लिए भेंट किया श्रीफल

आयोजन के दौरान आचार्यश्री के गृहस्थ जीवन के माता-पिता की भूमिका राजीव जैन, नेहा जैन ने निभाई। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमाें का आयोजन हुआ। इस दौरान जैन समाज द्वारा आर्यिका माता जी को जबलपुर में चातुर्मास करने के लिए श्रीफल भेंट किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दिगंबर जैन पंचायत सभा, जैन नवयुवक सभा, दिगंबर जैन संरक्षणी सभा, श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन स्वर्ण मंदिर ट्रस्ट कमेटी लार्डगंज, अभा दिगंबर जैन महिला परिषद एवं सकल जैन समाज के तत्वावधान में िकया गया। इस अवसर पर जैन पंचायत सभा के अध्यक्ष कैलाश चंद जैन कक्का, सतेन्द्र जैन, प्रदीप जैन, पूर्व मंत्री शरद जैन, सीए अखिलेश जैन, अरविंद जैन, सतीश वर्धमान सहित बड़ी संख्या में श्रावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित पड़रिया ने किया।

Created On :   24 Jun 2023 11:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story