- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मॉडल रोड से सिविक सेंटर जाने वाले...
Jabalpur News: मॉडल रोड से सिविक सेंटर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस ने की कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में पार्किंग की बढ़ती समस्या वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत साबित हो रही है। खासतौर पर उन जगहों पर जहां सड़कों के लेफ्ट टर्न पर वाहनों की पार्किंग की जा रही है, जिसके चलते हर पल सड़क हादसों का खतरा मंडराता रहता है। इसके साथ ही, फुटपाथों और मुख्य सड़कों पर खड़े वाहन यातायात व्यवस्था में सबसे बड़ी बाधा बन रहे हैं, जिसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने मॉडल रोड से सिविक सेंटर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई की।
इस दौरान सड़कों पर पार्क किए गए वाहनों को हटवाया गया और कुछ वाहनों के चालान बनाए गए। ट्रैफिक पुलिस ने खासतौर पर उन प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी, जिनके सामने वाहन सड़कों और लेफ्ट टर्न पर पार्क करवाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि प्रतिष्ठानों और सड़कों पर होती वाहनों की पार्किंग से हर दिन जाम के हालात बनते हैं। इसमें वाहन चालक ट्रैफिक में फंस जाते हैं।
बेतरतीब पार्किंग से जाम के हालात
शहर की सड़कों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण रोजाना घंटों जाम के हालात बन रहे हैं, जिससे आम जनता और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजारों, चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों में नियम विरुद्ध पार्क किए जा रहे वाहन यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से ठप कर रहे हैं। सड़कों पर अतिक्रमण करने के कारण सड़कें सिकुड़ रही हैं।
मुख्य सड़कों के दोनों ओर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगने से चौड़ी सड़कें भी पतली गली में तब्दील हो जाती हैं। चौराहों पर मुड़ने के लिए बने लेफ्ट टर्न पर गाड़ियां खड़ी होने से पीछे आने वाला पूरा ट्रैफिक रुक जाता है, जिससे पीक ऑवर्स में लंबा जाम लग जाता है। कई बार तो वाहन चालक खुद वाहन से उतरते हैं और वाहन अलग करवाते हैं, तब जाकर जाम खुल पाता है।
दुकानों और बैंकों के सामने बेखौफ पार्किंग
ध्यान देने वाली बात ये है कि शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और बैंकों के सामने वाहन बेखौफ होकर सड़कों पर ही पार्क किए जा रहे हैं। इन प्रतिष्ठानों में पार्किंग की अपनी कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण ग्राहकों को अपने वाहन सड़कों पर खड़े करने पड़ रहे हैं। इससे पूरी सड़क जाम हो जाती है और यातायात बाधित होता है। देखने के लिए कुछ जगहों पर गार्ड लगाए हैं, लेकिन प्रतिष्ठानों में पार्किंग की जगह न होने से वाहन सड़क पर आ जाते हैं।
हिदायत दी और फुटपाथ से हटाए अतिक्रमण
कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सख्त समझाइश दी। पुलिस ने कहा कि सड़कों पर वाहन पार्क न करवाए जाएं अन्यथा आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के तहत सड़क किनारे स्थित एक शोरूम द्वारा फुटपाथ पर रखे गए फर्नीचर को पुलिस ने मौके पर ही तुरंत हटवाया और फुटपाथ को राहगीरों के लिए खाली कराया। दूसरी तरफ हकीकत ये भी है कि शहर के अधिकांश शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, बैंकों और शोरूम में खुद की पार्किंग और बेसमेंट नहीं हैं, जिसके कारण ग्राहक मजबूरन सड़कों पर ही वाहन पार्क करने मजबूर होते हैं।
Created On :   8 Sept 2026 6:44 PM IST












