- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मंडला
- /
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क गड्ढों में...
Mandla News: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क गड्ढों में तब्दील, 7 गांवों के लोग परेशान

डिजिटल डेस्क,मंडला। विकासखंड नैनपुर के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बना भडिया-मुगदरा से बम्हनी मार्ग अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पूरी तरह खस्ताहाल हो चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है।
इस मार्ग से सात से अधिक गांवों के लोग रोजाना आवाजाही करते हैं, लेकिन मरम्मत और रखरखाव के अभाव में सफर करना जानलेवा साबित हो रहा है।
बारिश ने बढ़ाई परेशानी
बारिश शुरू होते ही सड़क की हालत और खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चल पाता। इसका सबसे ज्यादा नुकसान दोपहिया वाहन चालकों को उठाना पड़ रहा है।
कई जगह डामर की परत उखड़ गई है और साइड शोल्डर टूटकर खतरनाक हो गए हैं। सड़क की सतह पूरी तरह टूटने से वाहनों को रेंग-रेंग कर निकलना पड़ रहा है। भारी वाहनों के निकलने पर उछलने वाला कीचड़ और पानी राहगीरों को भिगो देता है।
ग्रामीण बोले- रखरखाव नहीं हुआ
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क जल्दी टूट गई। विभाग ने सड़क बना तो दी, पर नियमित रखरखाव नहीं किया। बरसात में पानी भरने से रास्ता ही नजर नहीं आता, जिससे हादसे का डर बना रहता है।
तत्काल मरम्मत की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि त्काल सर्वे कराकर अस्थायी मरम्मत कराई जाए ताकि बरसात में आवागमन हो सके। बारिश के बाद सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाए। साइड शोल्डर दुरुस्त कर जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क नहीं सुधारी गई तो पूरे मानसून सीजन में दुर्घटनाएं होती रहेंगी और किसी परिवार को अपने खोने का दुख झेलना पड़ सकता है।
Created On :   2 July 2026 4:40 PM IST












