- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मंडला
- /
- मंडला बस स्टैंड पर बंद खड़ी बस...
Mandla News: मंडला बस स्टैंड पर बंद खड़ी बस अचानक चल पड़ी, बड़ा हादसा टला

डिजिटल डेस्क,मंडला। मंडला बस स्टैंड पर गुरुवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब बस स्टैंड पर बंद खड़ी एक यात्री बस अचानक अपने आप चल पड़ी। उस समय बस में न तो चालक मौजूद था और न ही कोई परिचालक।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद बस एक अंडे की ठेलिया को क्षतिग्रस्त करती हुई आगे जाकर रुक गई। घटना के दौरान बस स्टैंड पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गनीमत रही कि समय रहते लोग सुरक्षित स्थान पर हट गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी एवं बस स्टैंड पर ठेलिया लगाने वाले श्याम बरमैया ने बताया कि जिस ऑटो को बस ने टक्कर मारी, उसमें बच्चे भी सवार थे। बस को अपनी ओर आते देख बच्चों ने घबराकर ऑटो से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। यदि वे समय रहते बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में ऑटो और अंडे की ठेलिया को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। बंद खड़ी बस बिना चालक के आखिर कैसे चल पड़ी, इसकी जांच की जा रही है। घटना ने बस स्टैंड पर वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Created On :   3 July 2026 3:24 PM IST












