लोक रण: विदर्भ में पहले चरण की पांच सीटों के लिए मैदान में 97 उम्मीदवार, जानिए मराठवाड़ा की स्थिति

विदर्भ में पहले चरण की पांच सीटों के लिए मैदान में 97 उम्मीदवार, जानिए मराठवाड़ा की स्थिति
  • राकांपा (अजित) ने जानकर के लिए छोड़ी परभणी सीट
  • कांपा के दोनों धड़ों ने इस सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा
  • राकांपा (शरद) ने घोषित किया पांच उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में साल 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले चरण की पांच सीटों पर 97 उम्मीदवार मैदान में होंगे। जबकि 13 उम्मीदवारों ने मैदान छोड़ दिया है। शनिवार को विदर्भ की पांच सीटों पर प्रत्याशियों का नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था। प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद अब 97 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। मंत्रालय में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस चोक्कलिंगम ने यह जानकारी दी। रामटेक सीट पर 28 उम्मीदवार, नागपुर सीट पर 26 उम्मीदवार, भंडारा-गोंदिया सीट पर 18 उम्मीदवार और गडचिरोली-चिमूर सीट पर 10 और चंद्रपुर सीट पर 15 प्रत्याशियों के बीच लड़ाई होगी। इससे पहले इन पांच सीटों पर कुल 181 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। लेकिन नामांकन पत्रों की छानबीन में 71 प्रत्याशियों का पर्चा खारिज हो गया था। जबकि 110 उम्मीदवारों का चुनाव नामांकन वैध पाया गया था। लेकिन उम्मीदवारों के पर्चा वापस लेने के बाद पांच सीटों पर कुल 97 उम्मीदवार ही मैदान में बचे हैं।

किस सीट पर कितने उम्मीदवार बचे

सीट पर्चा करने वाले प्रत्याशी मैदान से हटे बचे उम्मीदवार

रामटेक 35 7 28

नागपुर 26 0 26

भंडारा-गोंदिया 22 4 18

गडचिरोली-चिमूर 12 2 10

चंद्रपुर 15 0 15

कुल 110 13 97

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

सीट उम्मीदवार

रामटेक राजू पारवे (शिवसेना-शिंदे) - श्याम कुमार बर्वे (कांग्रेस)

नागपुर नितीन गडकरी (भाजपा) - विकास ठाकरे (कांग्रेस)

भंडारा-गोंदिया सुनील मेंढे (भाजपा) - प्रशांत पडोले (कांग्रेस)

गडचिरोली-चिमूर अशोक नेते (भाजपा) - रामदेव किरसान (कांग्रेस)

चंद्रपुर सुधीर मुनगंटीवार (भाजपा) - प्रतिभा धानोकर (कांग्रेस)

97 में से 39 निर्दलीय उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव के पहले चरण की पांच सीटों पर कुल 97 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिसमें से 39 प्रत्याशी निर्दलीय हैं। जबकि चुनाव आयोग में मान्यता प्राप्त दलों के 15 उम्मीदवार और गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों के 43 उम्मीदवार हैं। रामटेक सीट पर 12, नागपुर सीट पर 10, भंडारा-गोंदिया सीट पर 11, गडचिरोली- चिमूर सीट पर 3 और चंद्रपुर सीट पर 3 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

कांपा के दोनों धड़ों ने इस सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा

महाराष्ट्र में लोकसभा की बारामती सीट पर इस बार दिलचस्प मुकाबला होगा। राकांपा के दोनों धड़ों ने इस सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राकांपा (शरद) ने बारामती सीट पर सुप्रिया सुले को उम्मीदवारी दी है। जबकि राकांपा (अजित) की प्रत्याशी सुनेत्रा पवार होंगी। शनिवार को राकांपा (शरद) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने लोकसभा की पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। राकांपा (शरद) ने पार्टी के दो वर्तमान सांसदों को फिर से उम्मीदवारी दी है। राकांपा (शरद) के अध्यक्ष शरद पवार की बेटी सुप्रिया को बारामती सीट से लगातार चौथी बार टिकट दिया गया है। जबकि राकांपा (अजित) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने सुनेत्रा के उम्मीदवारी की घोषणा की है। सुनेत्रा उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी हैं, जो पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। सुप्रिया रिश्ते में सुनेत्रा की ननद हैं। जबकि सुप्रिया की सुनेत्रा भाभी हैं। उपमुख्यमंत्री अजित के बगावत से राकांपा में हुई टूट के बाद यह पहला चुनाव होगा जहां पर दो धड़ों में बंटा पवार परिवार आमने-सामने होगा।

राकांपा (शरद) ने घोषित किया पांच उम्मीदवार

राकांपा (शरद) के प्रदेश अध्यक्ष पाटील ने पहले चरण में पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। राकांपा ने शिरूर सीट पर वर्तमान सांसद अमोल कोल्हे को दोबारा टिकट दिया है। राकांपा (शरद) ने राकांपा (अजित) के विधायक रहे नीलेश लंके को अहमदनगर सीट से उम्मीदवारी दी है। नीलेश गत 29 मार्च को विधायक पद से इस्तीफा देकर राकांपा (शरद) में शामिल हुए थे। जबकि वर्धा सीट पर पूर्व विधायक अमर काले और दिंडोरी सीट से भास्कर भगरे को उम्मीदवारी दी है। पाटील ने कहा कि महाविकास आघाडी में राकांपा (शरद) के हिस्से आई बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा चार दिनों में कर दी जाएगी।

राकांपा (शरद) के उम्मीदवार

सीट उम्मीदवार का नाम

1) बारामती - सुप्रिया सुले

2) शिरूर - अमोल कोल्हे

3) अहमदनगर - नीलेश लंके

4) दिंडोरी - भास्कर भगरे

5) वर्धा - अमर काले

राकांपा (अजित) ने जानकर के लिए छोड़ी परभणी सीट

राकांपा (अजित) ने अपने कोटे की परभणी सीट महायुति के सहयोगी दल राष्ट्रीय समाज पार्टी (रासपा) के अध्यक्ष महादेव जानकर के लिए छोड़ दी है। जानकर परभणी की सीट पर राष्ट्रीय समाज पार्टी (रासपा) के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। राकांपा (अजित) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने यह घोषणा की है। तटकरे ने कहा कि महायुति में सीटों के बंटवारे के दौरान परभणी सीट राकांपा (अजित) को मिली थी। लेकिन हमने गठबंधन में परभणी सीट जानकर को देने का फैसला किया है।

चार से पांच सीटों पर मामला अटका है: देवेंद्र फडणवीस

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वीकार किया है कि महायुति में लोकसभा की चार से पांच सीटों पर सहमति नहीं बन पाई है। एक सीट पर पेंच फंसने के कारण दूसरी तीन सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित नहीं हो पाते हैं क्योंकि इन सीटों पर दूसरे सहयोगी दलों की दावेदारी होती है। फडणवीस ने कहा कि मुझे एक से दो दिनों में सीटों के बंटवारे का मामला सुलझने की उम्मीद है। फडणवीस ने कहा कि मनसे के साथ गठबंधन को लेकर बैठक हुई है। लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उल्लेखनीय है कि भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के बीच नाशिक, औरंगाबाद, ठाणे और रत्नागिरी- सिंधुदुर्ग सीट को लेकर खींचतान है। राकांपा (अजित) ने अभी तक तीन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। जबकि भाजपा ने अभी तक 24 सीटों पर और शिवसेना (शिंदे) ने 8 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। राज्य में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं।

Created On :   31 March 2024 11:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story