अशोक खरात मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने कसा शिकंजा, रुपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर से की 8 घंटे पूछताछ

अशोक खरात मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने कसा शिकंजा, रुपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर से की 8 घंटे पूछताछ
  • चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर से की 8 घंटे पूछताछ
  • बहुचर्चित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच और तेज कर दी
  • अशोक खरात मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने कसा शिकंजा

Mumbai News. भोंदू बाबा अशोक ख़रात से जुड़े बहुचर्चित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच और तेज कर दी है। इसी सिलसिले में ईडी ने सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर से करीब आठ घंटे तक गहन पूछताछ की। ईडी सूत्रों के मुताबिक, प्रतिभा चाकणकर को पूछताछ के लिए तलब किया गया था, जहां उनसे उनके बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेनदेन और वित्तीय गतिविधियों को लेकर विस्तार से सवाल-जवाब किए गए। एजेंसी को संदेह है कि अशोक खरात से जुड़े कथित अवैध धन (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) का कुछ हिस्सा प्रतिभा के खातों में ट्रांसफर किया गया हो सकता है।

पूछताछ के बाद प्रतिभा चाकणकर ईडी कार्यालय से बाहर निकल गईं, लेकिन जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मामले में उनकी भूमिका की जांच अभी जारी है। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर उन्हें दोबारा भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। जांच एजेंसी इस पूरे मामले में मनी ट्रेल को खंगालने में जुटी हुई है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अशोक खरात के नेटवर्क के जरिए कथित अवैध धन किन-किन व्यक्तियों और खातों तक पहुंचा। इस मामले में पहले भी कई ठिकानों पर छापेमारी और कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।

विदित है कि अशोक खरात पर आरोप है कि उन्होंने अपने प्रभाव और नेटवर्क का इस्तेमाल कर अवैध रूप से बड़ी मात्रा में धन जुटाया और उसे विभिन्न माध्यमों से वैध बनाने की कोशिश की। अब इस मामले में राजनीतिक कनेक्शन सामने आने से जांच और अधिक संवेदनशील हो गई है। ईडी अधिकारियों का कहना है कि बैंकिंग रिकॉर्ड, ट्रांजैक्शन डिटेल्स और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Created On :   5 May 2026 6:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story