महामार्ग: नागपुर से गोवा को जोड़ने बनेगा महाराष्ट्र शक्तिपीठ महामार्ग, काम को मिलेगी गति

नागपुर से गोवा को जोड़ने बनेगा महाराष्ट्र शक्तिपीठ महामार्ग, काम को मिलेगी गति
  • उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने परियोजना के काम को गति देने के लिए दिए निर्देश
  • विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के 12 जिलों से गुजरेगा महामार्ग
  • 12 जिलों से होकर गुजरेगा महामार्ग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘महाराष्ट्र शक्तिपीठ' महामार्ग के काम को गति देने के निर्देश दिए हैं। विदर्भ से महाराष्ट्र-गोवा की सीमा को जोड़ने के लिए वर्धा जिले के पवनार से सिंधुदुर्ग के पात्रादेवी तक महाराष्ट्र शक्तिपीठ महामार्ग का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र शक्तिपीठ महामार्ग को लेकर समीक्षा बैठक की। राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में हुई बैठक में राज्य के सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल के महाप्रबंधक अनिल कुमार गायकवाड उपस्थित थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल नागपुर से गोवा तक पहुंचाने के लिए 21 घंटे लगते हैं। मगर महाराष्ट्र शक्तिपीठ का निर्माण पूरा होने के बाद नागपुर से गोवा तक का सफर 11 घंटे में तय किया जा सकेगा। इस महामार्ग परियोजना के लिए 9385 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित करने की आवश्यकता होगी। इस भूमि अधिग्रहण पर 86 हजार 300 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान है।

12 जिलों से होकर गुजरेगा महामार्ग

विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के 12 जिलों से 802 किमी लंबा महामार्ग गुजरेगा। इसमें वर्धा, यवतमाल, हिंगोली, नांदेड़, परभणी, बीड़, लातूर, धाराशिव, सोलापुर, सांगली, कोल्हापुर और सिंधुदुर्ग जिले का समावेश होगा। हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग के तर्ज पर महाराष्ट्र शक्तिपीठ महामार्ग बनाया जाएगा। इससे इन जिलों के धार्मिक स्थलों के सर्वांगीण विकास और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिल सकेगा।

जुडेंगे 19 तीर्थक्षेत्र

इस महामार्ग से राज्य के तीन शक्तिपीठ, दो ज्योतिर्लिंग, दत्तगुरु के पांच धार्मिक स्थल और पंढरपुर मंदिर को मिलाकर कुल 19 तीर्थक्षेत्र जुड़ सकेंगे। महाराष्ट्र के प्रमुख शक्तिपीठ माहूर, तुलजापुर और कोल्हापुर, औंढा नागनाथ व परली- वैजनाथ समेत अन्य धार्मिक स्थल भी जुड़ जाएगा।


Created On :   30 Jan 2024 4:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story