- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- टीपू सुल्तान-शिवाजी महाराज तुलना पर...
प्रदर्शन: टीपू सुल्तान-शिवाजी महाराज तुलना पर सियासी संग्राम, कई शहरों में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने

Mumbai News. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से करने को लेकर राज्य का राजनीतिक पारा उफान पर है। सपकाल के बयान के चलते रविवार को राज्य के कई शहरों में प्रदर्शन हुआ। यहां ताकि कि कई जगहों पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प देखने को मिली। ठाणे, पालघर और कई जगहों पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सपकाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस बीच अहिल्यानगर भाजपा द्वारा जारी किए गए बयान ने मामले को और गर्मा दिया।
भाजपा विधायक का विवादित ऐलान
भाजपा विधायक नारायण कुचे ने विवादित घोषणा करते हुए कहा कि सपकाल के चेहरे पर कालिख पोतने वाले को वह 2 लाख रुपए का इनाम देंगे। कुचे के इस बयान से क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है। इसके साथ ही अहिल्यानगर भाजपा की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक सपकाल की जीभ काटने वाले को 10 लाख रुपए का इनाम देने की बात कही गई है।
शिवाजी महाराज स्मारक के सामने प्रदर्शन
अहिल्यानगर स्थित छत्रपती शिवाजी महाराज स्मारक के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जूता मारो’ आंदोलन किया। छत्रपति संभाजीनगर एवं नासिक सहित कई शहरों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपकाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने सपकाल के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर आए। कुछ जगहों पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मतों के लिए कितना नीचे गिरेंगे : फडणवीस
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि टीपू सुल्तान की तुलना शिवाजी महाराज से करना महाराष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने कहा कि मतों के लिए विपक्षी नेता किस स्तर से नीचे गिर सकते हैं, इसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता। फडणवीस ने कहा कि शिवाजी महाराज हमारे गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनकी तुलना किसी और से करना उचित नहीं है। सपकाल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
संजय राऊत का पलटवार
वहीं शिवसेना (उद्धव) नेता संजय राऊत ने मुख्यमंत्री फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पहले पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने का विरोध करें, फिर दूसरों को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को बेवजह तूल देकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। राऊत ने कहा कि टीपू सुल्तान पाकिस्तान का हीरो है, अब उसी पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना कहां तक उचित है।
क्या कहा था सपकाल ने?
सपकाल ने एक कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक संदर्भ में टीपू सुल्तान का उल्लेख करते हुए उनकी तुलना शिवाजी महाराज से की थी। इसी बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। राज्य की राजनीति में यह मुद्दा फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आने वाले दिनों में इस पर और सियासी बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
Created On :   15 Feb 2026 10:42 PM IST








