- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- संजय राऊत ने कहा- नार्वेकर को लेकर...
Mumbai News: संजय राऊत ने कहा- नार्वेकर को लेकर खुलासा कर दिया तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ेगा

Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) सांसद एवं वरिष्ठ नेता संजय राऊत ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर निशाना साधा है। राऊत ने कहा कि अगर उन्होंने नार्वेकर से जुड़े कुछ खुलासे कर दिए तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ सकता है। राऊत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरे पास कई ऐसी जानकारियां हैं, जिन्हें अगर मैं सार्वजनिक कर दूं तो बड़ा राजनीतिक भूचाल आ सकता है। इसलिए बेहतर है कि वह संयम बरतें। दरअसल अलीबाग में एक जमीन के मामले में मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने नार्वेकर के लोगों के साथ हाथापाई की थी। जिसका वीडियो राऊत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था।
फैसलों पर उठाए सवाल
राऊत ने विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर के कुछ फैसलों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष पद की गरिमा बनाए रखना जरूरी है और किसी भी तरह का पक्षपात लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। अलीबाग में जिस जमीन को लेकर नार्वेकर के लोगों के साथ हाथापाई हुई है, उसकी पृष्ठभूमि गुजरात के लोगों से जुड़ी हुई है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे किस मुद्दे पर खुलासा करने की बात कर रहे हैं। राऊत ने कहा कि मेरे पास नार्वेकर से जुड़े कई मामलों की जानकारी है। अगर मैंने ये सब जानकारी साझा कर दीं तो उन्हें अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ सकता है।
धमकी देने से कुछ हासिल नहीं होगा- बन
राउत के बयान पर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवनाथ बन ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए ठोस जानकारी के बगैर आरोप लगाते हैं। बन ने कहा कि अगर राऊत के पास अध्यक्ष के खिलाफ कुछ है तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए, केवल धमकी देने से कुछ हासिल नहीं होगा। माना जा रहा है कि इस बयान के बाद सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो सकता है।
Created On :   15 Feb 2026 10:06 PM IST








