मालाड में 600 रुपए के विवाद में एसिड अटैक, 8 लोग झुलसे, एक आरोपी को किया गिरफ्तार

मालाड में 600 रुपए के विवाद में एसिड अटैक, 8 लोग झुलसे, एक आरोपी को किया गिरफ्तार
  • प्लेटिंग यूनिट में होता है तेजाब का उपयोग
  • कुरार पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

Mumbai News. मालाड पूर्व के कुरार विलेज इलाके में 600 रुपए की उधारी को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर तेजाब (एसिड) फेंक दिया। जिसमें 8 लोग झुलस गए। तेजाब से झुलसे लोगों में राहगीरों का भी समावेश है। इस मामले में कुरार पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली के अनुसार, कुरार विलेज इलाके में स्थित केमिकल प्लेटिंग से जुड़े दो गुटों के बीच 600 रुपए की उधारी को लेकर बुधवार देर शाम कहासुनी हो गई। जो बाद में झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर तेजाब फेंक दिया। दोनों गुटों के बीच विवाद मुख्य सड़क पर होने के कारण वहां से गुजर रहे आम लोग भी इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में कुरार पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज कर आरोपी समर बहादुर राजकुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, दूसरे पक्ष से जुड़े साधू चव्हाण का नाम भी मुख्य आरोपी के रूप में दर्ज है। पुलिस ने इस प्रकरण में दोनों पक्षों (क्रॉस केस) के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। जबकि तेजाब से झुलसे संदीप सरोज की हालत गंभीर है। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं अन्य घायलों को शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्लेटिंग यूनिट में होता है तेजाब का उपयोग

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कुरार विलेज के पालनगर क्षेत्र में लगभग 125 प्लेटिंग यूनिट्स चलती हैं। इन इकाइयों में खतरनाक रसायनों और तेजाब का खुलेआम इस्तेमाल किया जाता है। जिसके कारण इस घटना में इस्तेमाल किया गया तेजाब ऐसी ही किसी यूनिट से लिए जाने का अंदेशा है। पुलिस ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।

Created On :   2 April 2026 8:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story