सियासी गलतफहमियां दूर: अनबन की खबरों के बीच सुनेत्रा ने की प्रफुल्ल पटेल से मुलाकात, देर रात आवास पर हुई बैठक

अनबन की खबरों के बीच सुनेत्रा ने की प्रफुल्ल पटेल से मुलाकात, देर रात आवास पर हुई बैठक
  • गुरुवार देर रात पटेल के आवास पर हुई बैठक
  • 10 मार्च को केंद्रीय चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र के बाद मीडिया की सुर्खियां बनी

New Delhi News. महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री व राकांपा (अजित) प्रमुख सुनेत्रा पवार ने पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल के साथ अनबन की खबरों पर विराम लगाने की पहल की है। गुरुवार देर रात सुनेत्रा पवार ने प्रफुल्ल पटेल के आवास पर उनसे मुलाकात कर उन गलतफहमियों को दूर करने की कोशिश की, जो पवार द्वारा 10 मार्च को केंद्रीय चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र के बाद मीडिया की सुर्खियां बनी।

बीते दो दिनों से मीडिया में प्रफुल्ल पटेल को लेकर चली तमाम खबरों के बाद उनसे मुलाकात कर सुनेत्रा ने संकेत देने का प्रयास किया कि वह एक सधी और मंझी हुई नेता हैं। सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान सुनेत्रा ने पटेल को आश्वस्त किया कि पार्टी में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। वह वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलना चाहती हैं, लेकिन यह संदेश भी दिया कि व्यक्ति विशेष की बजाय संगठन सर्वोपरि है। माना जा रहा कि तकरीबन 2 घंटे से ज्यादा चली इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने गिले-शिकवे दूर करने का प्रयास किया।

बहरहाल, इस मुलाकात का क्या परिणाम होता है, ये प्रफुल्ल पटेल पर निर्भर है, क्योंकि सुनेत्रा ने अपना दांव चल दिया है। गौरतलब है कि सुनेत्रा गुरुवार को संसद सत्र के बजट सत्र के आखिरी दिन हाजिरी लगाने आई थी। इस दौरान सुनेत्रा पवार संसद भवन परिसर में काफी देर रहीं, लेकिन राकांपा के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल उनके साथ नजर नहीं आए। सुनेत्रा 9 अप्रैल को एक बार फिर दिल्ली आएंगी, जब उनके बेटे पार्थ पवार राज्यसभा की सदस्यता की शपथ लेंगे। उसी वक्त उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से होने की संभावना है।

Created On :   3 April 2026 8:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story