- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शिवसेना उद्धव गुट का कांग्रेस को...
बारामती उपचुनाव: शिवसेना उद्धव गुट का कांग्रेस को समर्थन के संकेत, जल्द करेंगे शरद पवार और कांग्रेस से बात

Mumbai News. पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। महाविकास आघाड़ी के भीतर सीट को लेकर बातचीत का दौर शुरू होने वाला है, वहीं शिवसेना (उद्धव गुट) ने कांग्रेस को समर्थन देने के संकेत दिए हैं। हालांकि कांग्रेस ने बारामती और राहुरी सीटों पर होने वाले उपचुनाव में उतरने का फैसला किया है। शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने कहा कि बारामती उपचुनाव को लेकर जल्द ही राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार और कांग्रेस नेतृत्व से चर्चा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाविकास आघाड़ी मिलकर चुनाव लड़ने की कोशिश करेगी।
राऊत ने कहा कि बारामती सीट पर पारंपरिक रूप से शरद पवार गुट का दावा रहा है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में यदि वे चुनाव नहीं लड़ते हैं तो महाविकास आघाडी के अन्य सहयोगी दल के साथ आपसी सहमति से उम्मीदवार तय करेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कांग्रेस के इन दोनों सीटों पर चुनाव में उतने की स्थिति में शिवसेना (उद्धव) उसका समर्थन करेगी। राऊत के इस बयान से यह साफ हो गया है कि आघाड़ी के भीतर दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर जल्द ही औपचारिक बातचीत शुरू होगी।
इधर भाजपा नेता और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अजित पवार सभी दलों के चहेते नेता थे, ऐसे में कांग्रेस को यह उपचुनाव नहीं लड़ना चाहिए। बावनकुले ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के भीतर ही कई नेता चाहते हैं कि पार्टी इस उपचुनाव से दूरी बनाए। उनके इस बयान के बाद बारामती उपचुनाव को लेकर सियासत और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
Created On :   3 April 2026 10:05 PM IST








