New Delhi News: तो इस तरह बिहार की शानकार जीत से बीजेपी में बढ़ा तावड़े का कद, फडणवीस बोले - एक बार फिर जनता ने विकास को चुना

तो इस तरह बिहार की शानकार जीत से बीजेपी में बढ़ा तावड़े का कद, फडणवीस बोले - एक बार फिर जनता ने विकास को चुना
  • तावड़े की लिखी पटकथा को प्रधान ने दी धार
  • भाजपा में तावड़े-प्रधान का बढ़ा
  • मैथिली को जोड़ा, पवन की कराई वापसी
  • बिहार की जीत पीएम मोदी के नेतृत्व पर जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण : शिवसेना

New Delhi News. अजीत कुमार. बिहार चुनाव में एनडीए की बंपर जीत के बाद सत्ताधारी गठबंधन उत्साह से लबरेज है। एनडीए की इस शानदार जीत की वजहों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी तो अहम है ही, महाराष्ट्र की भी इसमें अहम भूमिका है। भाजपा महासचिव और बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े ने बड़े सधे अंदाज में अपने सांगठनिक कौशल का परिचय देकर बिहार में राजग की जीत की पटकथा लिखी, जिसे केंद्रीय मंत्री और बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने धार देने का काम किया। इस करिश्माई प्रदर्शन के बाद भाजपा के इन दोनों रणनीतिकारों का कद बढ़ गया है।


माना जा रहा है कि पार्टी को मिली इस शानदार बढ़त के बाद भाजपा शीर्ष नेतृत्व विनोद तावड़े को बड़ा इनाम दे सकता है। यूं तो तावड़े का नाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में पहले से ही शामिल रहा है, लेकिन बिहार की सफलता के बाद उनका नाम अब ‘टॉप थ्री’ में आ गया है।


शाह के भरोसे को रखा बरकरार

विनोद तावड़े लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान भी बिहार भाजपा के प्रभारी थे। उस वक्त भी प्रदेश में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा था। इसके बाद ही भाजपा के चाणक्य अमित शाह ने तावड़े पर भरोसा जताते हुए उनको राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण राज्य बिहार का फिर प्रभार दिलाया। तावड़े ने भी शाह के इस भरोसे को बरकरार रखा। उन्होंने एनडीए खासकर भाजपा को शानदार जीत दिलाकर अपने रणनीतिक चातुर्य का लोहा मनवाया। ताजा बिहार चुनाव में उम्मीदवारों के चयन से लेकर चुनावी रणनीति बनाने में तावड़े की बड़ी भूमिका रही। उन्होंने न केवल जीत की संभावना वाले पार्टी उम्मीदवारों को तलाशा, बल्कि उम्मीदवारों को हर तरह के लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराने और उनके प्रचार अभियान को धार देने का काम भी किया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को मांग और परिस्थिति के मुताबिक बिहार की विभिन्न सीटों पर प्रचार में झोंकने की रणनीति भी तावड़े ने ही बनाई।


मैथिली को जोड़ा, पवन की कराई वापसी

तावड़े की पहल पर ही लोक गायिका मैथिली ठाकुर भाजपा के टिकट पर चुनावी मैंदान में उतरी और सबसे कम उम्र की विधायक बनी। इसी प्रकार तावड़े ने भोजपुरी गायक पावर स्टार पवन सिंह की भाजपा में वापसी कराई और पूर्व केन्द्रीय मंत्री और रालोमो प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा के साथ उनके मतभेदों को दूर कराया। पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव मैंदान में नहीं उतरे, लेकिन बतौर स्टार प्रचारक उन्होंने पार्टी के लगभग दो दर्जन सीटों पर प्रचार किया। विधानसभा चुनाव के दौरान पवन का चुनावी सॉन्ग ‘जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट होई’ खूब हिट रहा।

मोदी-शाह के बाद दूसरी पात में शामिल हुए तावड़े

भाजपा में मोदी-शाह के बाद संगठन से लेकर चुनावी रणनीति और प्रबंधन का दारोमदार तो कई नेताओं को सौंपा जाता रहा है, लेकिन इसमें धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव का नाम प्रमुखता से शुमार है। बिहार चुनाव में मिली इस सफलता के बाद अब इस पात में तावड़े का भी नाम शामिल हो गया है।


बिहार ने एक बार फिर विकास को चुनाः फडणवीस, समृद्ध और विकसित होगा बिहार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए शुक्रवार को कहा कि बिहार की जनता ने पुनः एक बार विकास को चुना है। उन्होंने इस जीत के लिए भाजपा और राजग के समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जनादेश से बिहार आगे भी सकारात्मक रूप से विकसित और समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में यह प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व पर विश्वास, जनता के विश्वास की जीत है। यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चाणक्य नीति, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के मार्गदर्शन, प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के प्रयासों से ही यह सुनिश्चित हो सका है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा समेत राजग के प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम का परिणाम है।


बिहार की जीत पीएम मोदी के नेतृत्व पर जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण : शिवसेना

उधर भाजपा की सहयोगी शिवसेना (शिंदे) ने बिहार चुनाव में एनडीए को मिले ऐतिहासिक जनादेश पर खुशी जताई है और इस जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेेतृत्व पर जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण बताया है। शिवसेना संसदीय दल के नेता डॉ श्रीकांत शिंदे ने बयान जारी कर कहा कि बिहार की जनता ने भ्रष्टाचार, अराजकता और जंगलराज देने वाली ताकतों को सिरे से खारिज कर दिया है। जनता ने जंगलराज नहीं, मंगलराज चुना है। शिंदे ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी दल जो केवल जाति और तुष्टिकरण की राजनीति पर टिके थे- वे पूरी तरह धराशायी हो गए। कांग्रेस का एकल अंक में सिमटना यह कड़वा सच उजागर करता है कि राहुल गांधी की राजनीति का किसी बड़े और जागरूक राज्य में कोई प्रभाव नहीं है। उनका जाति कार्ड, सांप्रदायिक कार्ड और बनाया गया हर नैरेटिव-सब बुरी तरह विफल हो गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के गरीब, पिछड़े, महिला, युवा, किसान और मजदूर—सबने एनडीए के पक्ष में मजबूती से मतदान किया है। यह जनादेश नीतीश कुमार की स्वच्छ छवि, सुशासन और जनता-केन्द्रित राजनीति की निर्णायक पुष्टि है। विपक्ष चाहे जितना हमला करे, जनता ने स्थिरता, सुरक्षा और विकास का रास्ता चुना है।

Created On :   14 Nov 2025 8:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story