विधान परिषद - प्रश्नोत्तर: देवनार में कचरे से बिजली का उत्पादन अक्टूबर 2025 से होगा शुरू, मुंबई मेट्रो-4 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य

देवनार में कचरे से बिजली का उत्पादन अक्टूबर 2025 से होगा शुरू, मुंबई मेट्रो-4 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य
  • मीरा-भायंदर में 500 टन कचरा
  • विश्रामगृहों का 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार रुपए पानी बिल बकाया
  • मुंबई मनपा महिलाओं के सुरक्षा के लिए बनाएगी नया एप

डिजिटल डेस्क, मुंबई. देवनार डंपिंग ग्राउंड में कचरे से बिजली उत्पादन करने वाली परियोजना 4 अक्टूबर 2025 से शुरू होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि देवनार में लगभग 600 मीट्रिक टन कचरे पर वैज्ञानिक पद्धति से प्रक्रिया करके बिजली का उत्पादन किया जाएगा। फिलहाल बिजली उत्पादन की परियोजना का काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई मनपा क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 6400 मीट्रिक टन कचरा जमा होता है। जिसमें से कांजूरमार्ग के नागरी घन कचरा प्रक्रिया केंद्र में हर दिन 4500-4800 मीट्रिक टन कचरा पर बायोरिएक्टर लैंडफिल तकनीक से प्रक्रिया की जाती है। जबकि 1000 मीट्रिक टन कचरे से खाद का उत्पादन किया जाता है। इस बीच मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले तीन सालों में मुंबई मनपा के स्वास्थ्य विभाग के दवाखानों में खांसी, टीबी और श्वसन रोग के मरीजों की संख्या में इजाफा नजर नहीं आया है। सदन के विपक्ष के नेता अंबादास दानवे और शिवसेना (शिंदे) की सदस्य मनीषा कांयदे ने कचरे पर प्रक्रिया नहीं करने के कारण होने वाली समस्या को लेकर सवाल पूछा था।

मीरा-भायंदर में 500 टन कचरा

एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि मीरा-भायंदर मनपा क्षेत्र में प्रतिदिन 450 से 500 टन कचरा जमा होता है। जिसमें से ठाणे के डंपिंग ग्राउंड में 120 टन सूखा कचरा और 330 टन गीला कचरे पर प्रक्रिया होती है।

विश्रामगृहों का 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार रुपए पानी बिल बकाया

मुंबई में मंत्रियों के सरकारी बंगले, मुख्यमंत्री के सरकारी बंगले वर्षा और सरकारी विश्रामगृहों का अप्रैल 2024 तक 2 करोड़ 46 लाख 59 हजार 320 रुपए पानी का बिल बकाया था। जिसमें से 6 अप्रैल 2024 को 1 करोड़ 26 लाख 29 हजार 700 रुपए राज्य के सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग ने मुंबई मनपा को अदा कर दिया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल शासकीय विश्रामगृहों का 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार 620 रुपए पानी का बिल बकाया है। बकाए पानी बिल वसूली के लिए मुंबई मनपा राज्य के सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग से पत्र- व्यवहार कर रहा है। कांग्रेस सदस्य भाई जगताप, कांग्रेस सदस्य अभिजीत वंजारी, कांग्रेस सदस्य प्रज्ञा सावत समेत अन्य सदस्यों ने इस बारे में सवाल पूछा था।

मुंबई मनपा महिलाओं के सुरक्षा के लिए बनाएगी नया एप

मुंबई मनपा महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक नया एप बनाएगी। मुंबई मनपा के साल 2024-25 के बजट में महिला सुरक्षा अभियान के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आचार संहिता लागू होने के कारण एप का निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इस एप के निर्माण के लिए सूचना व प्रौद्योगिकी निदेशक से पत्र-व्यवहार किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के स्वसुरक्षा के लिए प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार करने, संकट के दौरान महिलाओं को आवश्यक मदद करने आदि सुविधाओं के लिए एप बनाया जा रहा है।

गोवंडी पूर्व में 20 निजी नर्सिंग होम का पंजीकरण नहीं हुआ

मुंबई मनपा के एम/पूर्व (गोवंडी पूर्व) विभाग में 20 निजी नर्सिंग होम पंजीकृत नहीं है। जबकि 41 नर्सिंग होम का पंजीकरण हुआ है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि एम/पूर्व विभाग में गैर पंजीकृत नर्सिंग होम में मुंबई मनपा के अधिकारी निरीक्षण के लिए गए थे। उस दौरान नर्सिंग होम में प्रशिक्षित डॉक्टर और नर्स काम कर रही थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि एम/पूर्व विभाग के नागरिकों के लिए गोवंडी में पंडित मदन मोहन मालवीय हॉस्पिटल (शताब्दी अस्पताल) के बिस्तर संख्या 215 से बढ़ाकर 795 की जाएगी। इस अस्पताल का अतिरिक्त इमारत का काम पूरा हो गया है। यहां पर जल्द ही स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इसके अलावा मानखुर्द में लल्लूभाई कंपाऊंड में एमएमआरडीए ने 410 बिस्तर का अस्पताल तैयार किया है। इस अस्पताल को मुंबई मनपा को हस्तांतरित किया जाएगा।

मुंबई मेट्रो-4 का काम अप्रैल 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य

वडाला-कासरवडवली-गायमुख मार्ग की मुंबई मेट्रो-4 परियोजना का सिविल व इंजीनियरिंग का काम अप्रैल 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मेट्रो-4 परियोजना के काम के कारण ठाणे में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए अलग-अलग उपाय किए गए हैं। भाजपा के सदस्य राजहंस सिंह ने मेट्रो-4 परियोजना का काम पूरा होने के बारे में सवाल पूछा था।


Created On :   10 July 2024 3:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story