उल्हासनगर में शिवसेना ने दी भाजपा को चुनौती, श्रीकांत शिंदे के समर्थन में लगे होर्डिंग्स

उल्हासनगर में शिवसेना ने दी भाजपा को चुनौती, श्रीकांत शिंदे के समर्थन में लगे होर्डिंग्स
  • श्रीकांत शिंदे के समर्थन में लगे होर्डिंग्स
  • भाजपाइयों से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं शिवसैनिक
  • शिवसेना ने दी भाजपा को चुनौती

डिजिटल डेस्क, सुजीत श्रीवास्तव, उल्हासनगर। भाजपा पदाधिकारी पर छेड़छाड़ का मामला डोंबिवली के मानपाडा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है। मामला दर्ज होने को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) तथा भाजपा के बीच कई दिनों से जुबानी जंग चल रही है। यह जंग अब उल्हासनगर में भी पहुंच चुकी है। उल्हासनगर में शिवसेना शिंदे गुट ने सांसद श्रीकांत शिंदे के समर्थन में होर्डिंग लगाकर एक तरह से भाजपा को चुनौती दे दी है।

डोंबिवली-पूर्व मंडल के पदाधिकारी नंदू जोशी के खिलाफ भाजपा की ही एक पुलिस अधिकारी की पत्नी ने छेड़खानी और शारीरिक सुख की मांग करने का आरोप लगाते हुए मानपाडा पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। प्राथमिकी को लेकर भाजपा के नेताओं ने जमकर हंगामा किया और पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया था। साथ ही मानपाडा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शेखर बागडे का तबादला करने की मांग की। शेखर बागडे का तबादला तो नहीं हुआ, लेकिन उन्हें जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया।

बैनर पर ऐलान, ‘मेरा नेता, मेरा अभिमान'

भाजपाई मानते हैं कि मुख्यमंत्री के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे के खास होने की वजह से शेखर बागडे का तबादला नहीं हुआ और सांसद की शह पर ही नंदू जोशी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। भाजपा की एक बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले चुनावों में भाजपा, शिंदे गुट को किसी भी तरह की मदद नहीं करेगी। इसके बाद श्रीकांत शिंदे के समर्थन में शिंदे गुट भी उतर आया और उल्हासनगर में जगह-जगह होर्डिग्स लगाई गई हैं, जिसमें लिखा है कि ‘मेरा नेता, मेरा अभिमान'। उल्हासनगर में लगाए गए बैनरों से साफ समझ में आ रहा है कि शिंदे गुट ने भाजपा से दो-दो हाथ करने का ऐलान कर दिया है।

पदाधिकारी को बचाने में जुटी भाजपा

श्रीकांत शिंदे ने एक साक्षात्कार में कहा कि यदि भाजपा को लगता है कि मेरे इस्तीफे से मामला सुलझ सकता है और उन्हें कल्याण लोकसभा क्षेत्र में अपना प्रत्याशी खड़ा करना है, तो मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। इस पूरे मामले में भाजपा उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कोई दोष नहीं दे रही है, जबकि गृह मंत्रालय उन्हीं के पास है। ठाणे जिला में यह चर्चा आम है कि भाजपा अपने एक पदाधिकारी को बचाने के लिए राज्य सरकार को भी गिराने में पीछे नहीं हट रही है। कुल मिलाकर इस समय डोंबिवली की आग उल्हासनगर और उसके आगे जा पहुंची है। इसका नतीजा क्या होगा? कोई नहीं जानता।

प्रदीप रामचंदानी, भाजपा जिला प्रवक्ता के मुताबिक शहर में जो पोस्टर लगाए गए हैं, वे आग में घी डालने का काम करेंगे। इससे भाजपा और शिवसेना के कार्यकर्ताओं के बीच दूरियां बढ़ेंगी। ऐसे कार्य भाजपा-शिवसेना के गठबंधन के लिए ठीक नही हैं’।

भुल्लर महाराज, शिवसेना शहर प्रमुख के मुताबिक पार्टी की तरफ से शहर में जो जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं, वह सही है। जनता में पार्टी का सकारात्मक संदेश जाना जरूरी है’।

Created On :   13 Jun 2023 12:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story