आग: सैनिटरी नैपकीन, फर्नीचर की कंपनी में भीषण आग, 9 दमकल वाहनों की मदद से पाया काबू

सैनिटरी नैपकीन, फर्नीचर की कंपनी में भीषण आग, 9 दमकल वाहनों की मदद से पाया काबू
  • लाखों के नुकसान का अनुमान
  • फर्नीचर का चल रहा था काम
  • केमिकल की वजह से तेजी से फैली आग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बेसा चौक के समीप घोगली रोड स्थित वैद्य इंडस्ट्रीज में भीषण आग लग गई। यह सैनिटरी नैपकीन की कंपनी बताई जा रही है। फर्नीचर का भी यहां काम होने की जानकारी है। इसके लिए पावडर और केमिकल का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाता था। केमिकल की वजह से आग तेजी से फैली, जिसकी लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दी। कंपनी के गोदाम में रखा माल पूरी तरह जलने की जानकारी है। इंडस्ट्री में अचानक धुएं के साथ आग दिखाई दी, तो नागरिकों ने कर्मचारियों के साथ प्राथमिक तौर पर आग को बुझाने का प्रयास किया। बेकाबू होते देखकर स्थानीय नागरिक किशोर तलमले ने मनपा मुख्यालय को आग की जानकारी दी। इसके बाद 5 फायर स्टेशन से 7 वाहनों समेत मिहान और एमआईडीसी से भी दमकल वाहनों को भेजा गया।

दमकल वाहन से काबू पाने का प्रयास : आग की भयावहता को देखते हुए नरेन्द्र नगर, सक्करदरा, कॉटन मार्केट और त्रिमूर्तिनगर समेत मुख्यालय फायर स्टेशन से 7 दमकल वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। इसके अलावा मिहान से 2 वाहन, एमआईडीसी के भी एक दमकल वाहन को भेजा गया है। साथ ही हिंगना अग्निशमन केन्द्र की ओर से फोम टेंडर को भी भेजा गया है। सैनिटरी नैपकीन समेत अन्य रासायनिक सामग्री होने के चलते सामान्य दमकल के साथ फोम टेंडर को भी राहत कार्य में लगाया गया।

आग की वजह अज्ञात : बताया गया कि यहां नैपकीन और फर्नीचर का काम होता था। इसके लिए पावडर और केमिकल का उपयोग बड़े पैमाने पर किया जाता था। केमिकल की वजह से आग के फैलने की जानकारी है। लेकिन आग लगने की वजह क्या रही, अब तक इसका खुलासा नहीं हो पाया। जांच पड़ताल और पंचनामे के बाद आग के कारणों का पता लगने की जानकारी दी गई। फिलहाल आग में गोदाम का आधे से ज्यादा हिस्सा जलने की जानकारी है। नुकसान का आंकड़ा निश्चित नहीं है, लेकिन यह लाखों में माना जा रहा है।

Created On :   22 Feb 2024 5:31 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story