28 को: कांग्रेस की सभा, मंच पर रहेंगे 1000 के करीब अतिथि

कांग्रेस की सभा, मंच पर रहेंगे 1000 के करीब अतिथि
एआईसीसी के पदाधिकारियों के अलावा विधायक सांसद के लिए अलग अलग बैठक व्यवस्था

रघुनाथसिंह लोधी,नागपुर। कांग्रेस के 139 वें स्थापना दिन पर गुरुवार को दिघोरी मार्ग पर सभा हाेगी। सभा मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खडगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित करीब 1000 अतिथि रहेंगे। मंच पर बैठक व्यवस्था को चार भागों को बांटा गया है। विशेष अतिथियों की कुर्सी पर खडगे,सोनिया, राहुल, प्रियंका के अलावा कांग्रेस के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री व एआईसीसी अर्थात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सहित 225 अतिथि रहेंगे। दूसरी पंक्ति की कुर्सी पर कांग्रेस के विधायक, सांसद रहेंगे। कांग्रेस के 700 विधायक हैं। तीसरी पंक्ति में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी व अन्य प्रमुख अतिथि रहेंगे। जानकारी के अनुसार सभा को 3 से 4 वक्ता ही संबोधित करेंगे।

सभा में 10 लाख लोगों की भीड़ जुटने का दावा कांग्रेस ने किया है। सभा के नियोजन के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी कार्य कर रहे हैं। सभा में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे। बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, कार्याध्यक्ष नसीम खान, अखिल भारतीय युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बी.श्रीनिवासन, राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी ने सभा स्थल का जायजा लिया। कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक भी पहुंचे। अतिथियों का आगमन बुधवार को शाम से ही शुरु हो गया है। गुरुवार को सुबह विमान व रेल मार्ग से िवविध राज्यों से पदाधिकारी पहुंचेंगे। सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी कुछ समय वर्धा मार्ग के होटल में ठहरेंगे। गुरुवार की शाम को ही वे दिल्ली लौट जाएंगे।

होर्डिंग की भरमार

अतिथियों के स्वागत के लिए उमरेड मार्ग पर होर्डिंग की भरमार है। गिरीश पांडव, कुणाल राऊत, बंटी शेलके के सबसे अधिक होर्डिंग दिख रहे हैं। भीड़ की स्थिति में सभा परिसर तक यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है। दिघाेरी चौक से उड़ानपुल के निर्माण कार्य के कारण सड़क पर यातायात पहले से ही प्रभावित है। गुरुवार को महाविद्यालयीन परीक्षा है। सभा स्थल के पास ही एक महाविद्यालय में करीब 3000 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

विपक्ष की आवाज पर सोनिया गांधी ने पीएम पद छोड़ा था

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि नागपुर में कांग्रेस की सभा महत्वपूर्ण है। यह सभा कांग्रेस ही नहीं विपक्ष को ऊर्जा देनेवाली होगी। फिलहाल विपक्ष की आवाज नहीं सुनी जा रही है। सोनिया गांधी ने विपक्ष की आवाजा पर दो बार प्रधानमंत्री पद छोड़ा था। नागपुर व विदर्भ का साथ कांग्रेस को मिलता रहा है। अंगरेजों के विरोध में कांग्रेस के असहयोग आंदोलन का निर्णय नागपुर में ही लिया गया था। आपातकाल के समय विदर्भ में कांग्रेस ने लोकसभा की सभी सीटें जीती थी। कांग्रेस की स्थापना अंगरेजों के विरोध में हुई थी। अब जो सत्ता का नेतृत्व कर रहे हैं वे भी अंगरेजों की नीति पर काम कर रहे हैं। लिहाजा कांग्रेस को एक बार फिर सत्त्ता के विरोध में आंदोलन खड़ा करना पड़ रहा है।

Created On :   27 Dec 2023 11:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story