लोकसभा चुनाव: कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार की घोषणा का इंतजार, होली के बाद प्रचार का रंग

कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार की घोषणा का इंतजार, होली के बाद प्रचार का रंग
  • पहले चरण में नागपुर व रामटेक क्षेत्र के लिए 19 अप्रैल को मतदान
  • सबसे पहले हो रहे मतदान के लिहाज से इस क्षेत्र में विविध राजनीतिक दलों को जल्द चुनाव तैयारी पर अमल करना होगा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नागपुर व रामटेक क्षेत्र के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। राज्य में सबसे पहले हो रहे मतदान के लिहाज से इस क्षेत्र में विविध राजनीतिक दलों को जल्द चुनाव तैयारी पर अमल करना होगा। उम्मीदवार के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 27 मार्च है। 25 मार्च को होली उत्सव मनाया जाएगा। लिहाजा कहा जा सकता है कि जिले में लोकसभा चुनाव के प्रचार का रंग होली के बाद ही चढ़ेगा। मोटे तौर पर देखा जाए तो चुनाव तैयारी के मामले में भाजपा आगे दिख रही है। भाजपा ने नितीन गडकरी को तीसरी बार उम्मीदवार चुना है। भाजपा के मुकाबले कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

पिछले चुनाव की स्थिति

2019 के चुनाव में नितीन गडकरी दूसरी बार जीते थे, लेकिन उनकी जीत का अंतर 2014 की तुलना में कम हुआ था। भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए नाना पटोले ने चुनौती खड़ी की थी। उस चुनाव में 31 उम्मीदवार थे। गडकरी को 66022़1 व पटोले को 444212 मत मिले थे। गडकरी 216001 मतों के अंतर से जीते थे। 54.74 प्रतिशत मतदान हुआ था। गडकरी को 55.88 प्रतिशत व पटोले को 37.6 प्रतिशत मत मिला था। बहुजन समाज पार्टी व वंचित बहुजन आघाड़ी ने कांग्रेस के जनाधारवाले माने जाने वाले मतदाताओं के बीच पैठ बढ़ाने का प्रयास किया था, लेकिन वे अधिक सफल नहीं रहे। बसपा को 31,725 व वंचित को 26,128 मत मिले थे।

भाजपा की तैयारी

पिछले चुनाव के अनुभव को देखते हुए भाजपा चुनाव तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। पिछली बार कांग्रेस उम्मीदवार पर बाहरी व दलित विरोधी होने के आरोप लगे थे। खैरलांजी प्रकरण को चर्चा में लाया गया था। उसके बाद भी जीत का अंतर भाजपा की उम्मीद से कम रहा। शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, लोकसभा क्षेत्र प्रमुख प्रवीण दटके, पालक संजय भेंडे सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। आचार संहिता लगने के कुछ समय पहले हुई इस बैठक में भी पदाधिकारियों से कहा गया है कि किसी तरह से अति आत्मविश्वास न रखें। नए मतदाताओं से संपर्क का अभियान शुरू कर दिया गया है। मतदाताओं के घरों तक 2-3 बार पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। युवा माेर्चा के कार्यकर्ताओं को डेढ़ लाख नए मतदाताओं तक पहुंचने को कहा गया है। बकायदा नए मतदाताओं के मोबाइल फोन नंबर लेकर उनसे पार्टी की ओर से संवाद साधा जाएगा। भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रमुख प्रवीण दटके ने कहा है- हम चुनाव को सदैव चुनौती मानते हैं। अति आत्मविश्वास में नहीं रहेंगे। प्रत्येक प्रकोष्ठ, पूर्व नगरसेवकों के अलावा नए सहयोगियों को भी चुनाव कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।

दावा- कांग्रेस का जनाधार कायम

कांग्रेस में उम्मीदवार का इंतजार किया जा रहा है। चुनाव कार्य के लिए भी पूरी तरह से जिम्मेदारी तय नहीं हो पाई है। हालांकि कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे का मानना है कि कांग्रेस गठबंधन चुनाव तैयारी के मामले में दिखावा नहीं कर रहा है। नागपुर में कांग्रेस का जनाधार हर स्थिति में कायम रहा है। यहां मतदाता ही कांग्रेस कार्यकर्ता की भूमिका में सक्रिय रहने की तैयारी में है। सीट साझेदारी के साथ ही कांग्रेस गठबंधन का उम्मीदवार जल्द घोषित होगा। उधर, कांग्रेस के ही कुछ पदाधिकारी मानते हैं कि चुनाव कार्य के लिए आवश्यक तैयारी जल्द होना चाहिए।

कांग्रेस से 38 इच्छुक उम्मीदवार

नागपुर के लिए कांग्रेस से 38 इच्छुक उम्मीदवारों के नाम प्रदेश स्तर पर भेजे गए हैं, लेकिन किसी का साक्षात्कार भी नहीं लिया गया। नागपुर में कांग्रेस की टिकट पर ऐसे उम्मीदवार जीतते रहे हैं जिनके लिए जाति, समाज की संख्या मायने नहीं रखती थी। वरिष्ठ पदाधिकारी रमण पैगवार कहते हैं कि उम्मीदवार घोषित करने में विलंब नहीं होना चाहिए। नितीन कुंभलकर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने को तैयार हैं। वे कहते हैं, उम्मीदवार चाहे जो भी हो, लेकिन कांग्रेस को इस संबंध में स्थिति साफ करना चाहिए। कार्यकर्ताओं में चुनाव कार्य के लिए उत्साह बढ़ेगा।

Created On :   17 March 2024 11:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story