- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- यूनिट में क्षमता से अधिक थे मजदूर,...
भास्कर इनसाइट: यूनिट में क्षमता से अधिक थे मजदूर, आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम भनहीं थे - एसबीएल एनर्जी के भीषण हादसे में 18 जिंदा जले - कई की हालत गंभीर

Nagpur News. प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। एक शिफ्ट में 25 मजदूरों की क्षमता होने के बावजूद 40 से अधिक मजदूरों से काम कराया जा रहा था। आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे। केवल एक एम्बुलेंस होने के कारण घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पाया। {यूनिट के बाहर दो वाहनों में विस्फोटक साम्रगी भी रखी गई थी। प्लांट में जैसे ही विस्फोट हुआ, दोनों वाहन भी इसके चपेट में आ गए, जिससे विस्फोट की तीव्रता और बढ़ गई। नागपुर शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर काटोल तहसील के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी कंपनी में रविवार सुबह करीब 6:40 बजे भीषण हादसा हुआ। कंपनी के डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में एक के बाद एक हुए तीन धमाकों में 18 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 24 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में अधिकांश महिला मजदूर शामिल हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, नागपुर ग्रामीण पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय, फॉरेंसिक टीम और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। वहीं, राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए सहायता का ऐलान किया। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
- सितंबर 2025 : सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया - 1 मौत, 14 घायल {फरवरी 2025 : एशियन फायरवर्क्स - 2 मौत, 3 घायल
- जनवरी 2025 : ऑर्डनेंस फैक्ट्री (भंडारा) - 8 मौत, 7 घायल {दिसंबर 2023 : सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया - 9 मौते
डीएनए से होगी पहचान : शव बुरी तरह झुलसने के कारण मृतकों की पहचान के लिए उनके परिजनों के डीएनए सैम्पल लिए जा रहे हैं।
12 किमी दूर तक सुनाई दी आवाज : जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 6:40 बजे कंपनी की 16-बी इमारत स्थित नोनल क्रिम्पिंग प्लांट में हुई। सुबह 6 बजे शिफ्ट शुरू होने के बाद मजदूर अपने-अपने काम में लगे थे। इसी दौरान अचानक डेटोनेटर यूनिट में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में आसपास रखी विस्फोटक सामग्री इसकी चपेट में आ गई। देखते ही देखते एक के बाद एक तीन भीषण धमाके हुए। पहला धमाका सुबह करीब 6:45 बजे, दूसरा 7:02 बजे और तीसरा 7:08 बजे हुआ। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी आवाज 12 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यूनिट में मौजूद सभी मजदूर आग की चपेट में आ गए।
40 से अधिक कर्मचारी कर रहे थे काम : घटना के समय दो सुपरवाइजर के अधीन करीब 40 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। आसपास के यूनिट में कार्यरत कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। 17 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से झुलसे 24 लोगों को शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
क्या बनता है प्लांट में : एसबीएल एनर्जी लिमिटेड औद्योगिक और खनन विस्फोटकों की प्रमुख निर्माता कंपनी है। राउलगांव स्थित यह प्लांट करीब 225 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां डेटोनेटर, विस्फोटक कारतूस, गन पाउडर, स्लरी और इमल्शन एक्सप्लोसिव्स सहित कई उत्पाद बनाए जाते हैं। इनका उपयोग मुख्य रूप से खनन, निर्माण आदि में किया जाता है।
मृतकों के नाम : मृतकों में पायल गजभिये, मीना उईके, प्रतिभा वाल्के, दुर्गा गायकवाड़, शोभा तापसे, अनुसया पाटील, सुनीता सलामे, ज्योत्स्ना शेंद्रे, मंगेश्री येस्कर, संगीता पंचाभाई, गोपी कोवे, सुनंदा चिंचखेडे, सविता कालमेघ, गणेश टोंगे, राजेंद्र कुलमेथे शामिल हैं। तीन मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
नागपुर स्थित एक कारखाने में हुए विस्फोट में हुई जानमाल की हानि की खबर से मैं अत्यंत दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। - द्रौपदी मुर्मु, राष्ट्रपति
नागपुर में कारखाने में हुए हादसे से अत्यंत दुर्दैवी है। मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की हरसंभव मदद कर रहा है। - नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
राउलगांव में स्फोटक फैक्ट्री में विस्फोट अत्यंत दु:खद और दुर्भाग्यपूर्ण है। मृतकों को मेरी श्रद्धांजलि, परिवारों के साथ दु:ख में शामिल हूं। सभी घायलों के शीघ्र सुधार की प्रार्थना है। - देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री
विस्फोट में कामगारों की मृत्यु की घटना अत्यंत दु:खद और दुर्भाग्यपूर्ण है। मृत कामगारों को मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। - नितीन गडकरी, केंद्रीय मंत्री
नागपुर स्थित संयंत्र में हुई घटना से हम गहरे में सदमे में हैं। हमारी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना है। घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है। - एसबीएल एनर्जी
हर पहलू को ध्यान में रखते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच सुनिश्चित की जा रही है। हमारी प्राथमिकता है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और सटीक तरीके से पूरी हो। - हर्ष पोद्दार, पुलिस अधीक्षक, नागपुर ग्रामीण
Created On :   2 March 2026 5:23 PM IST












