बस स्टेशन की पार्किंग के नाम पर रंगदारी, रुपए नहीं देने पर मजदूर को दी जान से मारने की धमकी, 2 गिरफ्तार

बस स्टेशन की पार्किंग के नाम पर रंगदारी, रुपए नहीं देने पर मजदूर को दी जान से मारने की धमकी, 2 गिरफ्तार
  • बस स्टेशन परिसर में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली
  • रकम देने से मना करने पर दो बदमाशों ने मजदूर को धमकाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर. गणेशपेठ थाना इलाके के अंतर्गत बस स्टेशन परिसर में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। वसूली की रकम देने से मना करने पर दो बदमाशों ने एक मजदूर को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दे डाली। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि कामठी रोड स्थित नाका नंबर 2 का रहने वाला मोहम्मद बिलाल मोहम्मद सलीम शेख उम्र 19 साल मजदूरी करता है। वह बस स्टेशन के पास रात के समय समाचार पत्रों (पेपर) की गाड़ियां लोड करने और खाली कराने का काम करता है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब जब बिलाल पेपर की गाड़ी में काम कर रहा था, तभी आरोपी आशीष ढेकले और विक्की वहां पहुंचे।

आरोपियों ने परिसर में गाड़ी खड़ी करने के बदले बिलाल से पैसे मांगे, लेकिन जब उसने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने धारदार हथियार की नोक पर उसे घेर लिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित मजदूर की शिकायत पर गणेशपेठ पुलिस ने धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Created On :   6 Oct 2026 6:44 PM IST

Tags

Next Story