Nagpur News: महानगरपालिका के आम बजट प्रस्तुत करने के लिए निर्वाचन आयोग से मिली अनुमति, बरसात में जलजमाव रोकने पर रहेगा फोकस

महानगरपालिका के आम बजट प्रस्तुत करने के लिए निर्वाचन आयोग से मिली अनुमति, बरसात में जलजमाव रोकने पर रहेगा फोकस
  • बरसात में जलजमाव रोकने पर रहेगा फोकस
  • स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बजट पेश करते समय किसी प्रकार की चर्चा नहीं होगी

Nagpur News. महानगरपालिका के आम बजट को प्रस्तुत करने के लिए निर्वाचन आयोग ने अनुमति दे दी है। हालांकि आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बजट पेश करते समय किसी प्रकार की चर्चा नहीं होगी और कोई नई घोषणा भी नहीं की जाएगी। साथ ही, अनुमति पत्र प्राप्त होने के बाद 72 घंटे के भीतर ही बजट प्रस्तुत करने की शर्त रखी गई है। इन निर्देशों को देखते हुए स्थायी समिति सभापति शिवानी दानी, महापौर नीता ठाकरे और सत्ता पक्ष नेता बाल्या उर्फ नरेन्द्र बोरकर ने विधान परिषद चुनाव के बाद बजट पेश करने का निर्णय लिया है।

चार वर्षों के प्रशासकीय कार्यकाल के बाद 19 मई को पहला आम बजट प्रस्तुत करने के लिए विशेष सभा बुलाई गई थी। लेकिन सोमवार को विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी गई थी। आयोग से समय पर निर्देश नहीं मिलने के कारण सभा स्थगित करनी पड़ी थी। बुधवार देर शाम मनपा आयुक्त डॉ. विपिन को निर्वाचन आयोग का पत्र प्राप्त हुआ। पत्र में 72 घंटे के भीतर बजट प्रस्तुत करने की अनुमति दी गई है, लेकिन बजट में नई घोषणाओं और चर्चा पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसी वजह से अब चुनाव के बाद ही बजट पेश करने का फैसला लिया गया है।

बरसात में जलजमाव रोकने पर रहेगा फोकस

शिवानी दानी, सभापति, स्थायी समिति, मनपा के मुताबिक राज्यभर में राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए विधान परिषद चुनाव निर्विरोध होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आचार संहिता जल्द समाप्त होने की उम्मीद है। यदि चुनाव होते हैं, तो अगले महीने बजट प्रस्तुत किया जाएगा। हालांकि, बरसात पूर्व तैयारियों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। प्रशासन के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक उपाय और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी की जाएंगी।



Created On :   21 May 2026 7:33 PM IST

Tags

Next Story