नियमों की अनदेखी: 44 डिग्री सेल्सियस की तपती धूप में सिलेंडर लेने बुलाए जा रहे उपभोक्ता - शिकायत एचपी के पोर्टल पर दर्ज, ग्राहकों की सुरक्षा और सुविधा पर उठे सवाल

44 डिग्री सेल्सियस की तपती धूप में सिलेंडर लेने बुलाए जा रहे उपभोक्ता - शिकायत एचपी के पोर्टल पर दर्ज, ग्राहकों की सुरक्षा और सुविधा पर उठे सवाल
  • सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश का पालन नहीं
  • दोपहर के समय तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचा

Nagpur Newś. जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद द्वारा गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद कुछ गैस एजेंसियां अब भी उपभोक्ताओं को तपती धूप में सिलेंडर लेने के लिए बुला रही हैं। इससे उपभोक्ताओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपभोक्ता सिमरन सिंह रेणू ने एचपी के ऐप के माध्यम से सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग की और भुगतान भी ऑनलाइन कर दिया। इसके बावजूद पिछले तीन दिनों से डिलीवरी बॉय उन्हें फोन कर ईंट भट्टी के पास आकर सिलेंडर लेने के लिए बुला रहा है। सिमरन सिंह ने इसकी शिकायत एचपी के पोर्टल पर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि संगीता गैस एजेंसी के निलंबन के बाद स्थिति और अधिक खराब हो गई है। उन्होंने संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दोपहर के समय तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए बाहर जाकर सिलेंडर लाना जोखिम भरा साबित हो सकता है। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को सड़क किनारे और खुले स्थानों पर बुलाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

अनियमितताओं के चलते नारी रोड स्थित संगीता गैस एजेंसी को सस्पेंड कर दिया गया है। एजेंसी के उपभोक्ताओं को ऑरेंज गैस एजेंसी और सुरेंद्र गैस एजेंसी में मर्ज किया गया है। हालांकि, एजेंसी बदलने के बाद भी उपभोक्ताओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उपभोक्ता रेणू ने एचपी के ऐप के माध्यम से सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग की थी और भुगतान भी ऑनलाइन कर दिया था। इसके बावजूद पिछले तीन दिनों से डिलीवरी बॉय उन्हें फोन कर ईंट भट्टी के पास आकर सिलेंडर लेने के लिए बुला रहा है।

क्या कहते हैं नियम

प्रशासन के निर्देशों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करना एजेंसी की जिम्मेदारी है। डिलीवरी के दौरान उपभोक्ता के घर तक सिलेंडर पहुंचाना, निर्धारित यूनिफॉर्म और पहचान पत्र के साथ डिलीवरी करना तथा उपभोक्ता की मांग पर सिलेंडर का वजन दिखाना अनिवार्य है। ऐसे में उपभोक्ताओं को खुले स्थानों या सड़क किनारे बुलाना नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।

Created On :   21 May 2026 8:48 PM IST

Tags

Next Story