- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता...
पैंनी नजर: गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने जांच अभियान शुरू, डिलीवरी बॉय के लिए पहचान पत्र और यूनिफॉर्म अनिवार्य

Nagpur News. घरेलू गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, उपभोक्ताओं से होने वाली धोखाधड़ी रोकने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद के निर्देश पर नागपुर ग्रामीण क्षेत्र में विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है।
तहसील स्तर पर तहसीलदार के नेतृत्व में विशेष आपूर्ति दल विभिन्न गैस एजेंसियों, गोदामों और गैस वितरण वाहनों का औचक निरीक्षण कर रहा है। जिला प्रशासन ने यह कदम गैस सिलेंडर वितरण में अनियमितता, अनधिकृत उपयोग और सुरक्षा संबंधी शिकायतें मिलने के बाद उठाया है।
जांच के दौरान गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी डिलीवरी बॉय के पास एजेंसी का आधिकारिक पहचान पत्र और निर्धारित यूनिफॉर्म होना अनिवार्य रहेगा। साथ ही, गैस वितरण वाहन पर एजेंसी का नाम स्पष्ट अक्षरों में लिखा होना चाहिए।
यह भी पढ़े -महानगरपालिका के आम बजट प्रस्तुत करने के लिए निर्वाचन आयोग से मिली अनुमति, बरसात में जलजमाव रोकने पर रहेगा फोकस
इसके अलावा, गैस वितरण वाहनों में साउंड सिस्टम के माध्यम से सुरक्षा संदेश वाला गीत “भाई आया रे गैस सिलेंडर” बजाना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि वाहन आने पर लोग सतर्क हो सकें।
हर डिलीवरी बॉय के पास प्रमाणित डिजिटल पोर्टेबल वजन मापक मशीन रखना आवश्यक होगा। उपभोक्ता की मांग पर उनके सामने सिलेंडर का वजन करना भी अनिवार्य किया गया है।
गोदामों की सुरक्षा पर भी फोकस
जांच अभियान के तहत गैस गोदामों में सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है। गोदामों में अग्निशमन प्रणाली और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। साथ ही, गोदाम में मौजूद सिलेंडरों के स्टॉक का रिकॉर्ड से मिलान कर सत्यापन किया जा रहा है।
Created On :   21 May 2026 8:20 PM IST











