- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जलसंपदा अधीक्षक अभियंता 70 हजार...
एसीबी की बड़ी कार्रवाई: जलसंपदा अधीक्षक अभियंता 70 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार, 2 फीसदी कमीशन ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

Nagpur News. जलसंपदा विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जलसंपदा विभाग के अधीक्षक अभियंता रविंद्र निलकंठराव वानखेडे को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई उनके कार्यालय कक्ष में की गई। एसीबी से जुडे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता एक पंजीकृत ठेकेदार है, जिसने करजखेडा (भंडारा) में 10 लाख रुपए तथा लखमापुर (नागपुर) में 15 लाख रुपए के सिंचाई विभाग के लिए कार्य किए थे। इन कार्यों के कुल 25 लाख रुपए के लंबित बिल मंजूरी के लिए जलसंपदा विभाग में प्रस्तुत किए गए थे। आरोप है कि बिल पास करने के एवज में अधीक्षक अभियंता वानखेडे ने 2 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने समझौते के तहत लंबित बिल मंजूर करने के लिए 50 हजार रुपए तथा भुराटोला (भंडारा) और खडकी मायनर (नागपुर) में नए 10 लाख रुपए के कार्यों के टेंडर मंजूर कराने के बदले अतिरिक्त 20 हजार रुपए की मांग की थी। इस तरह कुल 70 हजार रुपए की रिश्वत आरोपी अधीक्षक ने मांगी थी। शिकायत के बाद एसीबी टीम ने गुरुवार को आरोपी के कार्यालय में ही उसे रिश्तव की रकम लेते हुए धरदबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की रकम के अलावा और 36 हजार 630 रुपए नकद भी बरामद किए गए। इस मामले में एसीबी की शिकायत पर धंतोली पुलिस थाना में भ्रष्टाचार प्रतिबंधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अधीक्षक को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़े -गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने जांच अभियान शुरू, डिलीवरी बॉय के लिए पहचान पत्र और यूनिफॉर्म अनिवार्य
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. दिगंबर प्रधान, अपर पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर तथा विजय माहुलकर के मार्गदर्शन में पुलिस उपअधीक्षक अनिल जिट्टावार, पुलिस निरीक्षक जितेंद्र वैरागडे और एसीबी टीम ने अंजाम दी।
एसीबी की अपील : एसीबी ने नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली और चंद्रपुर जिलों के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी काम के लिए अधिकारी या एजेंट द्वारा रिश्वत मांगे जाने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
Created On :   21 May 2026 9:01 PM IST











