- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर...
हलचल तेज: युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर हलचल, सप्ताह भर में नाम घोषित होने के आसार, दावेदारों ने बढ़ाये नेताओं से संपर्क

Nagpur News. कांग्रेस में नए शहर अध्यक्ष की घोषणा के साथ युवक कांग्रेस में भी अध्यक्ष पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। दावा किया जा रहा है कि सप्ताह भर में युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष का नाम भी घोषित हो जाएगा। ऐसे में इच्छुक दावेदारों ने अपने संरक्षक नेताओं से संपर्क बढ़ा रखे है। 26 मई से 30 मई तक मुंबई में कांग्रेस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर होनेवाला है। माना जा रहा है कि उस शिविर के दौरान ही नागपुर सहित अन्य जिलों के लिए भी युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष का नाम घोषित हो जायेगा। फिलहाल इस पद के लिए हेमंत कातुरे, अक्षय हेटे, रौनक चौधरी, नयन परवटकर का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। पूर्व अध्यक्ष तौसिफ खान व बंटी शेलके भी अपने समर्थकों का नाम काफी पहले से आगे बढ़ाये हुए है।
काफी विवाद
युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष पद को लेकर लगातार विवाद रहा है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष पद पर विकास ठाकरे लगातार 12 वर्ष तक रहे। युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष पद पर तौसिफ खान भी 8 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके है। सितंबर 2018 में तौसिफ खान पहली बार चुनाव जीते थे। उन्होंने कुणाल राऊत के समर्थक उम्मीदवार को पराजित किया था। उस दौरान पारदर्शी चुनाव की मांग को लेकर काफी हंगामा हुआ था। वर्ष 2021 में तौसिफ दोबारा जीते। उन्हें 25,935 मतदान मिले। वसीम खान 12,836,अक्षय घाटोले 9,098,तेजस जिचकार 5809 व शुभम सांगाेले को 2,723 मतदान मिले थे। तौसिफ खान की उम्र व आपराधिक मामलों में लिप्तता का सवाल उठाते हुए वसीम खान व अक्षय घाटोले ने दिल्ली तक विरोध किया था। स्थिति यह बनी थी कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भी पदाधिकारियों को होल्ड पर रखा गया। उनकी नियुक्ति नहीं की गई।
यह भी पढ़े -जलसंपदा अधीक्षक अभियंता 70 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार, 2 फीसदी कमीशन ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
स्थिति बदली
पिछले कुछ समय से युवक कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति बदली है। कुणाल राऊत के प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहते हुए कुछ मामलों का निराकरण किया गया। शिवराज मोरे प्रदेश अध्यक्ष बने उसके बाद से युवक कांग्रेस के कई पदाधिकारियों की भूमिकाएं बदली गई है। चूंकि मोरे चुने हुए प्रदेश अध्यक्ष नहीं है लेकिन शहर अध्यक्ष पद के लिए भी दावा किया जा रहा है कि वरिष्ठों के मार्गदर्शन में चयन होगा। युवक कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय चिकारा हरियाणा के हैं। वे इस चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रफुल गुडधे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रहे हैं। ऐसे में यह भी प्रमुखता से चर्चा है कि इस बार युवक कांग्रेस का शहर अध्यक्ष, प्रफुल गुडधे व सुनील केदार की पसंद का होगा। हेमंत कातुरे मध्य नागपुर के कार्यकर्ता है। उनके नाम को गुडधे की ओर से पहले ही आगे बढ़ाया गया था। रौनक चौधरी व अक्षय हेटे को गिरीश पांडव के समर्थक कार्यकर्ता कहा जाता है। कांग्रेस के निवर्तमान शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे भी चौधरी व हेटे का नाम आगे बढ़ा सकते हैं। नयन परवटकर, मेहुल आडवाणी के समर्थन में भी कई दावे सामने आ रहे हैं। हालांकि सभी के बारे में कहा गया है कि संगठन कार्य में योगदान ही अध्यक्ष पद तय करेगा।
तौसिफ को प्रमोशन
कांग्रेस सूत्र के अनुसार युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष तौसिफ खान को संगठन मामले में प्रमोशन मिलेगा। अध्यक्ष पद पर रहते हुए उनकी आंदोलनकारी भूमिका केंद्रीय स्तर पर चर्चा में रही। आंदोलन के कारण व नागपुर व दिल्ली की जेल में रहे हैं। कांग्रेस में युवा नेतृत्व और अल्पसंख्यक विभाग को प्रमोट करने की रणनीति के तहत तौसिफ को नई जिम्मेदारी मिल सकती है।
Created On :   21 May 2026 9:09 PM IST











