Nagpur News: राज्य का पहला वूमेन इंडस्ट्रीज पार्क ठंडे बस्ते में!

राज्य का पहला वूमेन इंडस्ट्रीज पार्क ठंडे बस्ते में!
  • महिला सुरक्षा अहम मुद्दा
  • मिहान में मांगी 50 एकड़ जमीन

Nagpur News उपराजधानी नागपुर में प्रस्तावित राज्य के पहले वुमन इंडस्ट्रीज पार्क का सपना अब सच होता नहीं दिख रहा है। वजह है, भूमि चयन को लेकर महिला उद्यमियों की आपत्ति। राज्य सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए कन्हान में जमीन आवंटित करने पर सहमति जताई थी, लेकिन अब महिला उद्यमी एक स्वर में मिहान में 50 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की मांग कर रही हैं। इसी खींचतान के चलते यह महत्वाकांक्षी योजना ठंडे बस्ते में जाती नजर आ रही है।

माहौल अनुकूल नहीं : महिला उद्यमियों का कहना है कि कन्हान उद्योग स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं है। क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं की कमी है और महिला सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा है। इसको लेकर महिला उद्यमियों के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योग मंत्री उदय सामंत से मुलाकात कर मिहान में पार्क विकसित करने का प्रस्ताव सौंपा था। हालांकि, अब तक सरकार की तरफ से कोई निर्णायक कदम नहीं उठाया गया है।मामला उद्योग विभाग में अटका हुआ है।

मिहान ही है आदर्श स्थान : महिला उद्यमियों के मुताबिक, मिहान एक ‘रेडी-टू-यूज़’ लोकेशन है। यहाँ बेहतरीन कनेक्टिविटी, मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, आधुनिक इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेशकों का बढ़ता रूझान पहले से मौजूद है। इन कारणों से मिहान महिला नेतृत्व वाले उद्योगों के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प हो सकता है।

4 हज़ार लोगों को रोजगार : माना जा रहा है कि वूमेन औद्योगिक पार्क से विदर्भ की हजारों वर्तमान और भावी महिला उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा। शुरुआती चरण में लगभग 100 यूनिट स्थापित होने की योजना है, जिसमे सर्विस सेक्टर, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, पैकेजिंग, एमएसएमई से जुड़ी यूनिट्स शामिल है। इससे एक हज़ार प्रत्यक्ष और करीब तीन हज़ार अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।

घोषणा के बाद उठे सवाल : विदर्भ में महिला उद्यमिता तेजी से आगे बढ़े, इसी उद्देश्य से वर्ष 2024 में राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने वुमन इंडस्ट्रीज पार्क की घोषणा की थी। योजना के तहत कन्हान में एक समर्पित महिला-नेतृत्व औद्योगिक पार्क का निर्माण की बात कही गयी थी। यहां महिला कारोबारियों के लिए व्यवसाय करने के लिए अनुकूल माहौल, आवश्यक बुनियादी ढांचा, कौशल विकास, इनक्यूबेशन सुविधाएं, आदि प्रदान करने की तैयारी थी। सरकार के इस निर्णय के बाद से ही कन्हान में भूमि आवंटन को लेकर सवाल उठने लगे थे।

मिलेगा मजबूत आधार : मिहान में समर्पित महिला औद्योगिक इकोसिस्टम की स्थापना न केवल उन्हें मजबूत आधार देगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और महिला-नेतृत्व विकास जैसे राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी नई गति मिलेगी। -योगिता देशमुख, अध्यक्ष, वीआईए (लेडी एंटरप्रेन्योर्स विंग)

मिहान में सुरक्षित माहौल : मिहान में कारोबार के लिए महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल मिलेगा। इससे महिला उद्योजिका सुरक्षित और मजबूत महसूस करेगी। यह पार्क न सिर्फ वर्तमान उद्यमियों को सशक्त करेगा, बल्कि हजारों युवा महिलाओं को भी उद्यमिता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। -रश्मि कुलकर्णी, पूर्व अध्यक्ष, वीआईए (लेडी एंटरप्रेन्योर्स विंग)


Created On :   18 Dec 2025 11:07 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story