Nagpur News: बारिश ने तोड़ी एसटी की कमर, दोपहर तक 4 हजार किलोमीटर से ज्यादा सफर रद्द

बारिश ने तोड़ी एसटी की कमर, दोपहर तक 4 हजार किलोमीटर से ज्यादा सफर रद्द
  • कई जगहों पर खराब हुई बसें
  • वापिस आई अधूरे सफर से बसें

Nagpur News. मूसलाधार बारिश ने उपराजधानी में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। खास तौर पर एसटी महामंडल की बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार दोपहर तक 4,026 किलोमीटर की बस यात्राएं रद्द कर दी गईं, और आधा दर्जन से अधिक मार्गों पर परिचालन ठप रहा। नदी-नालों के उफान पर आने से कई बसें आधे रास्ते से ही लौट आईं, तो कुछ गांवों में फंस गईं। एसटी बसें नागपुर के यात्रियों के लिए सस्ता और सुविधाजनक विकल्प हैं, जो शहर से लेकर दूरदराज के गांवों तक जोड़ती हैं। रोजाना हजारों यात्री इन बसों से सफर करते हैं, लेकिन मंगलवार और बुधवार को लगातार बारिश ने यह सुविधा छीन ली। नदियों के पुलों पर पानी बहने से कई बसें नाइट हॉल्ट के लिए रुकीं, लेकिन वापसी का रास्ता ही बंद हो गया। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, तो कहीं पैदल चलकर मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शाम तक हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही थी। बारिश ने सड़कों को कीचड़मय कर दिया, जिससे बसों का संचालन और जोखिम भरा हो गया। यात्री स्टेशनों पर इंतजार करते रहे, लेकिन रद्द की गई बसों की संख्या बढ़ती गई। एक यात्री ने बताया, "एसटी हमारा भरोसा है, लेकिन आज मजबूरी में रास्ते में ही फंस गए।" प्रशासन और एसटी महामंडल हालात पर नजर रखे हुए हैं, लेकिन मौसम की मार ने फिलहाल सबको बेबस कर दिया है।

इस तरह से प्रभावित हुआ सफर

उमरेड-हिंगणघाट मार्ग पर चिखलापाट नामक नदी पुल से पानी बहने के कारण 3 बसों को आधे से ही वापिस लाया गया। इसी तर उमरेड-भिवापुर मार्ग पर नझीमेंढा पुल से पानी बहने के कारण 2 बसों को वापिस लाया गया। नागपुर-कुही मांडल मार्ग पर मालणीगांव पुल से पानी बहने से 4 बसें यही पर ठिठक गई थी। काफी देर इंतजार के बाद इनकी नागपुर वापसी कर दी। कलमेश्वर से लोनारा मार्ग पर सावंगी गांव के पास बना पुल भी ओवरफ्लो होते रहा। जिसके चलते 3 गाड़ियों को यहां से डिपो वापस भेजा गया। काटोल रोड़ पर भी यही हाल नजर आये। भोरगढ़ पुल पर जलजमाव से 3 बसों को आधे सफर से वापस किया गया। नागपुर से मोहपा मार्ग पर घोरड नदी के पुल से पानी बहने के कारण 3 गाड़ियों को वापस करना पड़ा। हिंगणा से कान्होलीबारा के बीच बस नहीं चल पाई। पिंपडधरा पुल से पानी बहने के कारण यात्रियों को गंतव्य तक नहीं पहुंचा जा सका। रामटेक-मौदा के बापदेव पुल पर जलजमाव के कारण 18 बसें प्रभावित हुई।

Created On :   9 July 2025 6:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story