- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- रामझूला हिट-एंड-रन मामला, अब दूसरे...
Nagpur News: रामझूला हिट-एंड-रन मामला, अब दूसरे कोर्ट में चलेगा मालू केस

Nagpur News रामझूला हिट-एंड-रन मामले की मुख्य आरोपी रितिका (रितु) मालू से जुड़े बहुचर्चित केस को आखिरकार दूसरी अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया है। करीब डेढ़ साल पुराने इस मामले में अब सुनवाई जिला न्यायाधीश एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बी.एम धानुरे की अदालत में होगी। इससे पहले मामले की सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पी. जे. मोदक की अदालत में चल रही थी। मामला पिछले कई महीनों से चार्ज फ्रेमिंग के चरण में ही अटका हुआ था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि लगातार सुनवाई टलने के कारण न्यायिक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही थी। इसी को लेकर परिवार ने उच्च न्यायिक अधिकारियों से शिकायत करते हुए मामले को कम कार्यभार वाली अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की थी। फिर केस को नई अदालत में भेज दिया गया।
11 सुनवाई, हर बार नई तारीख
मृतक आतिफ के बड़े भाई मोहम्मद अतीक ने बताया कि पिछले 10 महीनों में 11 बार सुनवाई हुई, लेकिन हर बार केवल अगली तारीख दी गई। डेढ़ साल बीत जाने के बावजूद आरोप तक तय नहीं हो सके हैं। लगातार हो रही देरी से परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो चुका है। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज और हाईकोर्ट रजिस्ट्रार के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए सुनवाई में तेजी लाने की मांग की थी। अब नई अदालत में केस ट्रांसफर होने के बाद परिवार को उम्मीद है कि मुकदमे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और जल्द चार्ज फ्रेमिंग हो सकेगी।
दो युवकों की गई थी जान
यह मामला 25 फरवरी 2024 की रात का है। रामझूला पुल पर आरोपी रितिका मालू ने अपनी तेज रफ्तार मर्सिडीज कार से स्कूटी को टक्कर मार दी थी। हादसे में मोहम्मद आतिफ और मोहम्मद हुसैन की मौत हो गई थी। जांच के दौरान फोरेंसिक रिपोर्ट में आरोपी मालू के रक्त नमूने में शराब की पुष्टि हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी को जांच सौंपी गई थी, जबकि हाईकोर्ट ने फास्ट-ट्रैक ट्रायल के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद मुकदमा अब तक शुरुआती चरण से आगे नहीं बढ़ सका है।
यह भी पढ़े -वर्तमान में मधुमेह-हृदय और किडनी रोग बड़ी चुनौती, बीमारियों से निपटने विशेषज्ञों का उपचार पद्धति पर हुआ मंथन
Created On :   10 Jun 2026 12:48 PM IST














